मोदीजी को खुश करने के चक्कर में मुगलसराय विधायक तोड़ रहे थे ट्रैफिक नियम, रमेश जायसवाल का वीडियो वायरल
मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल वीआईपी गाड़ियों का काफिला छोड़ टोटो से सड़क उद्घाटन करने पहुंचे। हालांकि, टोटो की आगे वाली सीट पर बैठने का उनका वीडियो वायरल होने के बाद अब यातायात नियमों को लेकर नई बहस छिड़ गई है।
विधायक रमेश जायसवाल का टोटो सफर
महमूदपुर में किया सड़क का उद्घाटन
टोटो की आगे सीट पर बैठे दिखे
ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर उठे सवाल
यातायात निरीक्षक ने नियमों के विरुद्ध बताया
देश और प्रदेश में ऊर्जा संरक्षण, पेट्रोल-डीजल की बचत और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सादगी संदेश का अनुसरण करते हुए मुगलसराय के भारतीय जनता पार्टी विधायक रमेश जायसवाल का एक अनोखा अंदाज देखने को मिला। विधायक अपने आवास से गाड़ियों के लंबे वीआईपी काफिले को छोड़कर साधारण बैटरी चालित टोटो (ई-रिक्शा) पर सवार होकर क्षेत्र की दो नई सड़कों का उद्घाटन करने निकले। वे महमूदपुर और मुगलचक क्षेत्र में आयोजित विकास कार्यक्रमों में इसी टोटो से पहुंचे, जिसका वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सादगी के बीच यातायात नियमों पर छिड़ी बहस
सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि विधायक रमेश जायसवाल टोटो चालक के बगल वाली यानी आगे की सीट पर बैठे हुए हैं। इतना ही नहीं, उनके साथ दो अन्य व्यक्ति भी उसी आगे की सीट पर तंग जगह में बैठे नजर आ रहे हैं। वीडियो के वायरल होते ही स्थानीय नागरिकों और सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दी हैं। लोगों का कहना है कि यदि कोई आम नागरिक टोटो की आगे वाली सीट पर बैठा दिखाई दे जाए, तो ट्रैफिक पुलिस तत्काल चालान काट देती है या वाहन सीज कर देती है, तो फिर जनप्रतिनिधियों के लिए नियमों में ढील क्यों दी जा रही है?
ट्रैफिक इंस्पेक्टर बोले— नियमों के अनुरूप नहीं है ऐसा सफर
स्थानीय प्रबुद्ध जनों ने इंटरनेट पर अपनी राय रखते हुए स्पष्ट किया कि यातायात के नियम देश के हर नागरिक और प्रभावशाली व्यक्ति के लिए पूरी तरह समान होने चाहिए। इस पूरे संवेदनशील मामले को लेकर जब जिले के ट्रैफिक इंस्पेक्टर (यातायात निरीक्षक) सत्य प्रकाश यादव से बातचीत की गई, तो उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि टोटो (ई-रिक्शा) की आगे वाली सीट पर चालक के बगल में सवारियों का इस तरह बैठना पूरी तरह से यातायात नियमों के विरुद्ध और असुरक्षित है।
फिलहाल, विधायक रमेश जायसवाल के इस टोटो सफर का वीडियो पूरे चंदौली जिले में भारी चर्चा का विषय बना हुआ है और आम जनता यह कौतूहल से देख रही है कि क्या यातायात विभाग इस पर कोई संज्ञान लेगा या नहीं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








