क्रिकेट का झगड़ा, लड़की का चक्कर या फिरौती, जानिए क्या है फायरिंग कांड की असली सच्चाई
चंदौली के अलीनगर में प्रेम प्रसंग के विवाद में फायरिंग करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच में फिरौती की कहानी फर्जी निकली; असल मामला लड़की को लेकर हुए आपसी झगड़े और फोन पर हुई कहासुनी का था।
चंदरखा अंडरपास के पास हुई गिरफ्तारी
फिरौती की कहानी निकली पूरी तरह फर्जी
अवैध तमंचा और कारतूस पुलिस ने बरामद किए
प्रेम प्रसंग में युवक के घर हुई फायरिंग
वारदात के बाद बिहार भाग गए थे आरोपी
चंदौली जिले की अलीनगर थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने पिछले दिनों खजूरगांव निवासी रितेश पासवान के घर पहुंचकर पिस्टल से फायरिंग की थी। पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर घेरेबंदी करते हुए चंदरखा अंडरपास के पास से तीनों को धर दबोचा है।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुगलसराय के नाथूपुर निवासी अंकित यादव, रविकिशन यादव और रामनगर के भीटी रस्तापुर निवासी मृत्युंजय मौर्या के रूप में हुई है। इनके कब्जे से पुलिस ने एक अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।
फिरौती का दावा निकला पूरी तरह निराधार
पुलिस को दी गई अपनी शुरुआती तहरीर में वादी रितेश पासवान ने आरोप लगाया था कि क्रिकेट को लेकर हुए पुराने विवाद के कारण आरोपियों ने उससे 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी थी। पैसे न देने पर घर आकर फायरिंग करने का दावा किया गया था। हालांकि, जब पुलिस ने गहराई से मामले की तफ्तीश शुरू की, तो फिरौती की यह कहानी पूरी तरह फर्जी पाई गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि विवाद की असल वजह फिरौती नहीं, बल्कि प्रेम प्रसंग और लड़की को लेकर हुई आपसी तकरार थी।

लड़की के चक्कर में छिड़ी थी जंग
पुलिस पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि आरोपी रविकिशन यादव की मित्रता गांव की ही एक लड़की से थी। कुछ समय बाद उसी लड़की की बातचीत रितेश पासवान से होने लगी, जो रविकिशन को नागवार गुजरी। 17 मई को इसी बात को लेकर दोनों के बीच फोन पर तीखी नोकझोंक और गाली-गलौज हुई थी। रितेश ने रविकिशन को देख लेने की धमकी दी थी, जिससे नाराज होकर आरोपी अपने साथियों के साथ रितेश के घर पहुंच गए। वहां रितेश छत से गाली देने लगा, जिससे आवेश में आकर आरोपियों ने फायरिंग कर दी।

बिहार भाग गए थे हमलावर
कहा जा रहा है कि फायरिंग की घटना को अंजाम देने के बाद पकड़े जाने के डर से तीनों आरोपी बिहार के बक्सर जिले में जाकर छिप गए थे। पुलिस की सक्रियता और मुखबिर की सूचना पर उन्हें उस समय पकड़ा गया जब वे कहीं और भागने की फिराक में थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की विधिक कार्रवाई पूरी की है। इस खुलासे के बाद क्षेत्र में चर्चा है कि किस तरह एक छोटी सी आपसी रंजिश और प्रेम प्रसंग के मामले ने बड़े अपराध का रूप ले लिया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








