जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

मुगलसराय में अंतर्राज्यीय ऑटो लिफ्टर गैंग के 3 चोर गिरफ्तार, बिहार में खपाने जा रहे थे चोरी की 5 बाइकें

मुगलसराय पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें, मोबाइल और अवैध असलहे बरामद हुए हैं। यह गैंग भीड़भाड़ वाले इलाकों से वाहन चोरी कर बिहार में बेचता था।

 

मुगलसराय पुलिस द्वारा अंतर्राज्यीय ऑटो लिफ्टर गिरफ्तार

चोरी की 5 मोटरसाइकिलें और 7 मोबाइल बरामद

बिहार में औने-पौने दाम पर बेचते थे वाहन

गैंग के मुख्य सरगना पर दर्ज हैं 18 मामले

मुखबिर की सूचना पर कुढेखुर्द तालाब के पास हुई कार्रवाई

 चंदौली जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने शनिवार को एक शातिर अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इन अभियुक्तों के पास से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें, सात एंड्रॉइड मोबाइल फोन और अवैध असलहे बरामद किए गए हैं।

मुखबिर की सूचना पर कुढेखुर्द में घेराबंदी
थानाध्यक्ष मुगलसराय विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम वीआईपी गेट पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कुढेखुर्द के पास तालाब के किनारे कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ मौजूद हैं और उन्हें कहीं बाहर भेजने की योजना बना रहे हैं। पुलिस टीम ने बिना देरी किए मौके पर दबिश दी और तीन व्यक्तियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

वाराणसी से लेकर बिहार तक फैला था नेटवर्क
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान लोटन पाल उर्फ विजय पाल, सचिन जायसवाल और ऋतिक जायसवाल के रूप में हुई है। ये तीनों वाराणसी के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से वाराणसी, चंदौली और गाजीपुर जैसे जनपदों के भीड़भाड़ वाले स्थानों—जैसे रेलवे स्टेशन, अस्पताल, घाट और बाजारों—से मोटरसाइकिल और मोबाइल चोरी करते थे। चोरी किए गए वाहनों को वे कुछ दिन छिपाकर रखते थे और जब संख्या 5-6 हो जाती थी, तो उन्हें बिहार ले जाकर औने-पौने दामों पर बेच देते थे।

mughalsarai-police-arrested-3-auto-lifters-with-5-stolen-bikes

तमंचा और चोरी के मोबाइल भी बरामद
अभियुक्त लोटन पाल के पास से एक .315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पूछताछ में उसने बताया कि चोरी के दौरान विरोध होने पर लोगों को डराने के लिए वह असलहा रखता था। इसके साथ ही इनके पास से बरामद सातों मोबाइल भी चोरी के पाए गए हैं, जिन्हें इन्होंने भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों की जेब से उड़ाया था।

अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्तों में लोटन पाल एक पेशेवर अपराधी है, जिस पर वाराणसी और चंदौली के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास (307), लूट, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस जैसे कुल 18 मामले दर्ज हैं। वहीं, सचिन जायसवाल पर भी लूट और रंगदारी सहित 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं। ऋतिक जायसवाल के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस सफल अभियान में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के साथ जलीलपुर चौकी प्रभारी अजय कुमार, रेलवे कॉलोनी चौकी प्रभारी शिव पूजन बिंद, कस्बा चौकी प्रभारी विजय राज और उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ धारा 317(2), 317(4), 317(5) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। फरार अन्य साथियों बाबू और शुभम पाल की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*