ऑटो में बैठाकर जेब काटने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश, मुगलसराय पुलिस ने दबोचे 3 शातिर टप्पेबाज
मुगलसराय पुलिस ने ऑटो में सवारियों को बैठाकर टप्पेबाजी करने वाले एक शातिर अंतरजनपदीय गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के पास से घटना में इस्तेमाल ऑटो और नगदी बरामद हुई है। पूरी खबर पढ़ें।
अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का पर्दाफाश
तीन शातिर अभियुक्त हुए गिरफ्तार
घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा बरामद
सवारी का ध्यान भटकाकर की चोरी
मुगलसराय पुलिस को मिली सफलता
चंदौली जिले में अपराधियों और शातिर चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुगलसराय थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने ऑटो रिक्शा में भोली-भाली सवारियों को बैठाकर उनका ध्यान भटकाने और जेब साफ करने वाले एक शातिर अंतरजनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान राजू (33 वर्ष) व साजन (19 वर्ष) निवासी ग्राम भुईली खास (मिर्जापुर) तथा मुकुल कुमार (21 वर्ष) निवासी सौगाई (चंदौली) के रूप में हुई है।
पीड़ित की तहरीर पर दर्ज हुआ था मुकदमा
घटनाक्रम के अनुसार, ताराजीवनपुर (थाना अलीनगर) निवासी प्रदीप कुमार गोड़ ने 21 मई 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 20 मई को दोपहर में घर जाने के लिए ऑटो में बैठने के दौरान तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें बातों में उलझाकर उनकी जेब से ₹2,500/- चोरी कर लिए थे और चकिया तिराहे के पास उतारकर फरार हो गए थे। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 248/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद 21 मई को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने सुभाष पार्क स्थित पानी टंकी के सामने से चेकिंग के दौरान तीनों अभियुक्तों को धर दबोचा। मौके पर पहुंचे पीड़ित प्रदीप ने आरोपियों और ऑटो की तुरंत पहचान कर ली।
कंधे पर गमछा रखकर उड़ाते थे पैसे
पुलिस की कड़ाई से की गई पूछताछ में पकड़े गए शातिर चोरों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वे इस ऑटो (UP-65QT-7269) में सवारियों को आगे बैठाते थे और कंधे पर गमछा रखकर बड़ी चालाकी से उनका ध्यान भटकाकर पैसे उड़ा लेते थे। पुलिस ने इनके पास से चोरी की गई रकम में से ₹2,000/- नगद और घटना में इस्तेमाल होने वाला ऑटो रिक्शा बरामद कर लिया है।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, रेलवे पुलिस चौकी प्रभारी शिव पूजन बिन्द, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार और हेड कांस्टेबल अभिषेक दुबे शामिल रहे। पुलिस द्वारा अभियुक्तों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








