ट्रक चालक से लूट के बाद 1 घंटे में मुगलसराय पुलिस ने पकड़ लिया बदमाश
दुलहीपुर में ट्रक चालक से बदमाशों ने की लूटपाट
पीड़ित चालक ने तुरंत दी डायल 112 पर सूचना
सिर्फ एक घंटे में दोनों लुटेरे पहुंचे सलाखों के पीछे
चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के दुल्हीपुर में शुक्रवार की देर रात बदमाशों ने एक ट्रक चालक से मारपीट कर 11 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। घटना के तुरंत बाद सक्रिय हुई पुलिस ने महज एक घंटे के भीतर दोनों आरोपित बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ निवासी फूलचंद नामक चालक चंधासी कोयला मंडी से कोयला खाली कर ट्रक लेकर पड़ाव की ओर लौट रहा था। इसी दौरान दुल्हीपुर के पास दो युवकों ने उसका ट्रक रुकवाया। जब चालक ने रुकने का कारण पूछा तो बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया और नकदी व मोबाइल छीन लिए।
घटना के बाद चालक ने हिम्मत दिखाते हुए डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और पीड़ित से घटना का ब्यौरा लेकर नाकेबंदी कर दी। मुगलसराय कोतवाली पुलिस की तत्परता से महज एक घंटे के अंदर दोनों बदमाश दबोच लिए गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए दोनों आरोपी स्थानीय निवासी हैं और पहले भी इस तरह की वारदातों में संलिप्त रह चुके हैं। चंधासी कोयला मंडी से ट्रक खाली कर लौटने वाले चालकों को ये निशाना बनाते थे। पुलिस ने दोनों से पूछताछ शुरू कर दी है और संभावना जताई जा रही है कि पूछताछ में कई अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों बदमाशों के खिलाफ लूट, मारपीट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






