जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

मुगलसराय में PRV को खुलेआम धमकी देकर कॉलर पकड़ा, कहा-दोबारा आए तो जान से मार देंगे', ओवरलोड ट्रैक्टर को लेकर बवाल

चंदौली के मुगलसराय में ओवरलोड ट्रैक्टर को रोकने पर दबंगों ने PRV जवान का कॉलर पकड़कर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने दो नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 
 

चंदौली में पुलिसकर्मी को दी धमकी

मुगलसराय में PRV जवान पर हमला

सेमरा ईंट मंडी के पास बवाल

ओवरलोड ट्रैक्टर भगाने पर FIR दर्ज

आरोपियों ने सरकारी काम में डाला रोड़ा

 चंदौली जिले से खाकी को खुली चुनौती देने का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ चेकिंग के दौरान ओवरलोड ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश कर रहे एक PRV पुलिसकर्मी के साथ कुछ लोगों ने न केवल गाली-गलौज और हाथापाई की, बल्कि सरकारी काम में रोड़ा अटकाते हुए दोबारा इलाके में आने पर जान से मारने की धमकी भी दे डाली।

Mughalsarai-police-prv-constable-threatened-fir-registered

सेमरा ईंट मंडी के पास की घटना
पूरा मामला मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेमरा ईंट मंडी के पास का है। पीआरवी-7401 (PRV-7401) पर तैनात कांस्टेबल सरताज खां की ओर से दी गई शिकायत के मुताबिक, 3 अक्टूबर की रात करीब साढ़े नौ बजे वे मन्नापुर में एक इवेंट निपटाकर वापस लौट रहे थे। रात लगभग साढ़े दस बजे जब वे सेमरा ईंट मंडी के पास पहुंचे, तो उन्हें सड़क किनारे एक संदिग्ध व्यक्ति खड़ा दिखाई दिया। कांस्टेबल ने जब उससे नाम-पता और देर रात वहां खड़े रहने की वजह पूछी, तो मामला बिगड़ गया।

कॉलर पकड़ा, दी जान से मारने की धमकी
आरोप है कि पूछताछ करने पर उक्त व्यक्ति ने अपना नाम बाबू सोनकर बताया और पुलिसकर्मी से अभद्रता करने लगा। इसी बीच सड़क पर पीछे से एक ओवरलोड ट्रैक्टर आता दिखा। कांस्टेबल सरताज खां ने जब उस ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया, तो बाबू सोनकर ने तुरंत अपने छोटे भाई सुमित सोनकर और 5 से 6 अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया।

दबंगों ने पुलिसकर्मी से उलझते हुए उनका कॉलर पकड़ लिया और गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने धमकी देते हुए कहा कि 'अगर दोबारा इस इलाके में PRV गाड़ी लेकर आए तो जान से मार देंगे।' इस कहासुनी और हंगामे का फायदा उठाकर आरोपी ओवरलोड ट्रैक्टर को मौके से भगाने में कामयाब रहे।

पुलिस बल पहुंचा, आरोपियों ने जाने से किया इनकार
घटना के तुरंत बाद पीड़ित कांस्टेबल ने मामले की सूचना कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही जलीलपुर चौकी से अतिरिक्त पुलिस फोर्स मौके पर पहुँची। पुलिस ने जब आरोपियों से चौकी और थाने चलने को कहा, तो उन्होंने साफ तौर पर पुलिस के साथ जाने से इनकार कर दिया।

मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
मामले में पीड़ित PRV कांस्टेबल सरताज खां की तहरीर के आधार पर मुगलसराय कोतवाली में दो नामजद आरोपियों—बाबू सोनकर और सुमित सोनकर—के अलावा आधा दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*