जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली के दुलहीपुर में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, चौकी प्रभारी समेत 3 घायल, 8 नामजद पर FIR

चंदौली के दुलहीपुर में सावन माह की नोटिस देने पहुंची पुलिस टीम पर दबंगों ने हमला कर दिया। चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हुए, वर्दी फाड़ी गई। पुलिस ने 8 नामजद समेत अन्य पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर तलाश तेज कर दी है।

 
 

दुलहीपुर में पुलिस टीम पर हमला

चौकी प्रभारी और सिपाही घायल

8 नामजद पर हत्या का प्रयास

पुलिस की वर्दी फाड़ी और मारपीट की

आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश जारी

चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र स्थित दुलहीपुर में सरकारी काम के दौरान पुलिस टीम पर हमले की गंभीर घटना सामने आई है। शनिवार शाम सावन माह में मीट-मुर्गा की दुकानों से संबंधित नोटिस तामील कराने गए पुलिसकर्मियों के साथ दबंगों ने बदसलूकी की। आरोप है कि प्रिंस सोनकर नाम के युवक ने पहले सिपाही से अभद्रता और हाथापाई शुरू कर दी।


चौकी प्रभारी और सिपाहियों के साथ मारपीट
हंगामे की सूचना मिलते ही दुलहीपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। इसके बाद आरोपी प्रिंस सोनकर और उसके परिजनों ने उग्र होकर दरोगा और उनकी टीम पर हमला बोल दिया। इस दौरान लगभग तीन मिनट तक आरोपी पुलिसकर्मियों से उलझते रहे। धक्का-मुक्की और मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सिर फोड़ने और गला दबाने का प्रयास
आरोप है कि हमलावरों ने चौकी प्रभारी के सिर पर जानलेवा वार करने की कोशिश की। वहीं, बीच-बचाव करने आए एक सिपाही का गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया। इस घटना में दरोगा की वर्दी फाड़ दी गई और उनकी नेम प्लेट भी तोड़ दी गई। इस हमले में चौकी प्रभारी संजय कुमार सिंह, कांस्टेबल बालकृष्ण यादव और महिला आरक्षी मोहित यादव घायल हुए हैं।

8 नामजद और अज्ञात पर गंभीर धाराओं में केस
मुगलसराय इंस्पेक्टर विजय प्रताप सिंह ने बताया कि दरोगा संजय कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। मुख्य आरोपी प्रिंस सोनकर, उसके भाई गौतम, अभिषेक, अमरजीत, प्रिंस की मां, बहन, रमेश सोनकर समेत 8 नामजद और 3-4 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इन पर हत्या के प्रयास, सरकारी काम में बाधा, मारपीट, गाली-गलौज और वर्दी फाड़ने जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।

एक महीने में पुलिस पर हमले की दूसरी घटना
मुगलसराय क्षेत्र में महज एक महीने के भीतर पुलिस पर हमले का यह दूसरा मामला है, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। इससे पहले बीते जून महीने में कबीरपुर गांव में भूमि पैमाइश कराने गई पुलिस और राजस्व टीम पर हमला हुआ था, जिसमें पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस का साफ कहना है कि आरोपी घर छोड़कर फरार हैं, लेकिन उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*