जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

Mughalsarai Accident: दुकान का मलबा हटाते समय गिरा लेंटर, मलबे में दबने से मोहम्मद की मौत, सद्दाम गंभीर रुप से घायल

चंदौली के मुगलसराय में शनिवार देर रात सड़क चौड़ीकरण के दौरान ध्वस्त की गई दुकान का मलबा हटाते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। मलबे के नीचे दबने से वाराणसी के एक मजदूर की जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। पूरी घटना जानने के लिए आगे पढ़ें।
 

सड़क चौड़ीकरण के मलबे में दबा मजदूर

मुगलसराय में शनिवार देर रात बड़ा हादसा

मलबे की चपेट में आने से एक की मौत

जिला अस्पताल में घायल मजदूर का इलाज जारी

मौके पर पहुंचे प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी

चंदौली जिले के मुगलसराय में शनिवार की देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ सड़क चौड़ीकरण के काम के दौरान ध्वस्त कराई गई एक कपड़े की दुकान का मलबा हटाया जा रहा था। इसी दौरान शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे अचानक मलबा ढह गया, जिसकी चपेट में आने से वहाँ काम कर रहे दो मजदूर बुरी तरह दब गए।

चाय लेने गया साथी लौटा तो खुला राज
जानकारी के मुताबिक, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्टेशन के सामने एक दुकानदार ठेके पर अपनी ध्वस्त दुकान का मलबा हटवा रहा था। इस काम में वाराणसी के बजरडीहा इलाके के रहने वाले दो मजदूर मोहम्मद अली (29 वर्ष) और सद्दाम (20 वर्ष) लगे हुए थे। काम के दौरान ही उनका तीसरा साथी चाय लेने के लिए गया हुआ था। जब वह चाय लेकर वापस लौटा, तो दोनों को मलबे में दबा देख दंग रह गया और उसने तुरंत शोर मचाया।

प्रशासनिक अमले में मचा हड़कंप
हादसे की खबर मिलते ही आस-पास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर जुट गए और राहत कार्य शुरू किया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम राजीव सक्सेना और मुगलसराय थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। मलबे से दोनों मजदूरों को बाहर निकालकर तुरंत एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया।

एक मजदूर की मौत, दूसरे का इलाज जारी
जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद मोहम्मद अली को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल हुए दूसरे मजदूर सद्दाम का इलाज फिलहाल अस्पताल में चल रहा है। इस हादसे के बाद मृत मजदूर के परिवार में कोहराम मच गया है। प्रशासन मामले की आगे की जांच में जुट गया है।

 


 

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*