जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

मुगलसराय में पुलिसिया सुस्ती का खामियाजा! पहले स्कूटी जलाई और अब दुकान फूंकी, न्याय के लिए कहां करें गुहार परिवार

चंदौली के मुगलसराय में एक मनबढ़ युवक ने चाय विक्रेता की दुकान को आग के हवाले कर सनसनी फैला दी। धमकी भरी चिट्ठी मिलने के बावजूद पुलिस की ढिलाई ने अपराधी के हौसले बुलंद कर दिए, जिससे पीड़ित परिवार अब खौफ में है।

 
 

मुगलसराय एलबीएस कटरा में आगजनी

धमकी के बाद दुकान में लगाई आग

पीड़ित की स्कूटी भी पहले जलाई गई

पुलिस की सुस्त कार्यशैली पर सवाल

हजारों का सामान जलकर हुआ खाक

चंदौली जनपद के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) कटरा में बीती रात आगजनी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक मनबढ़ युवक ने क्षेत्र के प्रसिद्ध चाय विक्रेता संतु मल की दुकान को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में दुकान का काउंटर, बिजली मीटर और हजारों रुपये मूल्य का कीमती सामान जलकर राख हो गया है।

धमकी के बाद वारदात को दिया अंजाम
पीड़ित संतु मल का दावा है कि यह हमला अचानक नहीं हुआ है। उन्हें पहले ही एक धमकी भरी चिट्ठी मिली थी, जिसमें नुकसान पहुंचाने की चेतावनी दी गई थी। पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से दुकान को निशाना बनाया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय दुकानदारों में असुरक्षा का भाव है।

पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
हैरानी की बात यह है कि पीड़ित परिवार पहले भी इसी तरह की हिंसा का शिकार हो चुका है। बीते 14 जनवरी को पीड़ित के बेटे की स्कूटी को भी इसी तरह आग के हवाले कर दिया गया था। उस समय भी पुलिस को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन प्रभावी कार्रवाई न होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए। रात्रि गश्त और कोतवाली पुलिस की सक्रियता पर अब गंभीर सवालिया निशान लग रहे हैं।

सुरक्षा की गुहार
बार-बार हो रही इन घटनाओं से चाय विक्रेता का पूरा परिवार दहशत के साये में जीने को मजबूर है। पीड़ित ने जिले के उच्चाधिकारियों से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन का आश्वासन दे रही है, लेकिन अपराधी अभी भी पकड़ से बाहर है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*