जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

मुगलसराय में दो बड़ी वारदात: एक ही फंदे पर लटके मिले मां-बेटे, दूसरी घटना में इंटर की छात्रा ने दे दी जान

चन्दौली के मुगलसराय इलाके में शनिवार को दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत से हड़कंप मच गया। एक जगह मां-बेटे फंदे से लटके मिले, तो दूसरी जगह पिता की डांट से नाराज इंटर की छात्रा ने सुसाइड कर लिया।

 

चन्दौली में दो दर्दनाक हादसे

मां और दो वर्षीय बेटा मृत

बाजार से लौटे पति के उड़े होश

इंटर की छात्रा ने लगाई फांसी

पुलिस और फोरेंसिक जांच जारी

चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को दो बेहद दर्दनाक घटनाएं सामने आईं। इन दोनों अलग-अलग हादसों में एक विवाहिता, उसके दो साल के मासूम बच्चे और एक इंटरमीडिएट की छात्रा समेत कुल तीन लोगों की मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और हर कोई स्तब्ध है।

घर के अंदर फंदे पर मिले मां-बेटे
पहली दिल दहला देने वाली घटना मुगलसराय के हनुमानपुर अहीरान बस्ती की है। यहाँ 22 साल की प्रिया पटेल का शव घर के अंदर फंदे से लटका हुआ पाया गया। वहीं उनका दो साल का मासूम बेटा युवराज भी बिस्तर पर मृत अवस्था में मिला। इस खौफनाक मंजर को जिसने भी देखा, उसकी रूह कांप गई।

mughalsarai double suicide case chandauli news, mother son found dead chandauli khabar, student commits suicide chandauli samachar, chandauli police forensic investigation updates, up chandauli local crime report
आत्महत्या की खबर के बाद घर के बाहर लगी भीड़

बाजार से लौटे पति के उड़े होश
बताया जा रहा है कि जब यह घटना हुई, उस समय प्रिया का पति फ्रूटी लेने के लिए पास के बाजार गया हुआ था। लेकिन जैसे ही वह बाजार से वापस घर लौटा और दरवाजा खोला, तो सामने पत्नी और बच्चे को इस हाल में देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए।

पिता की डांट से नाराज छात्रा ने दी जान
दूसरी दुखद घटना मुगलसराय के ही सुभाष नगर इलाके की है। यहाँ रहने वाली इंटरमीडिएट की छात्रा खुशी सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। खुशी का परिवार मूल रूप से बिहार के लखीसराय का रहने वाला है, जो यहाँ बबलू सिंह के साथ किराए के मकान में रहता था। वे लोग जल्द ही अपने नए घर में शिफ्ट होने वाले थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोस्तों के साथ दार्जिलिंग घूमने जाने की जिद पर पिता ने खुशी को डांट दिया था, जिससे नाराज होकर उसने यह जानलेवा कदम उठा लिया।


मामले की जांच में जुटी फोरेंसिक टीम
दोनों ही घटनाओं की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सुसाइड और प्रताड़ना समेत सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी का बड़ा बयान
इस पूरे मामले को लेकर पुलिस के क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि दोनों घटनाओं के बाद शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों की असली वजह साफ हो पाएगी, जिसके आधार पर आगे की सख्त विधि कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*