चलेगी मुजफ्फरपुर–चर्लापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस, DDU जंक्शन से गुजरेगी 7वीं अमृत भारत एक्सप्रेस
मुजफ्फरपुर–चर्लापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन
DDU जंक्शन से गुजरने वाली 7वीं अमृत भारत एक्सप्रेस
उत्तर प्रदेश के साथ मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और तेलंगाना को जोड़ेगी नई ट्रेन
चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर में पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से तेलंगाना की यात्रा अब और आसान हो गई है। सोमवार से मुजफ्फरपुर–चर्लापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन शुरू हो गया। पहले दिन यह ट्रेन उद्घाटन स्पेशल के रूप में चलेगी, जबकि 14 अक्तूबर से इसे साप्ताहिक रूप से नियमित सेवा के रूप में चलाया जाएगा।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि यह नई ट्रेन उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और तेलंगाना को आपस में जोड़ने का काम करेगी। पीडीडीयू जंक्शन से होकर गुजरने वाली यह 7वीं अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन होगी।
ट्रेन का समय-सारणी
मुजफ्फरपुर से यह ट्रेन सुबह 10:40 बजे प्रस्थान करेगी और शाम 6:20 बजे पीडीडीयू जंक्शन पहुंचेगी। पीडीडीयू से यह ट्रेन चलकर बुधवार की रात 11:50 बजे चर्लापल्ली पहुंचेगी। वहीं वापसी में चर्लापल्ली से सुबह 04:05 बजे चलकर शुक्रवार की सुबह 09:25 बजे पीडीडीयू जंक्शन पहुंचेगी और वहां से शाम 5:00 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।
आरामदायक और आधुनिक सुविधाओं से लैस
अमृत भारत एक्सप्रेस लंबी दूरी के यात्रियों के लिए विशेष रूप से डिजाइन की गई है। इसमें 11 कोच जनरल और 8 कोच स्लीपर शामिल हैं, जो अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। रेलवे ने इसका उद्देश्य दक्षिण भारत और बिहार के बीच यात्रा को सुविधाजनक बनाना बताया।
पीडीडीयू से चल रही अन्य अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें
वर्तमान में पीडीडीयू जंक्शन से कई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें परिचालित हैं, जिनमें दरभंगा–आनंद विहार टर्मिनल, सहरसा–लोकमान्य तिलक टर्मिनल, राजेन्द्रनगर टर्मिनल–नई दिल्ली, बापूधाम मोतिहारी–आनंद विहार टर्मिनल, दरभंगा–गोमतीनगर और मालदा टाउन–गोमतीनगर शामिल हैं।
दक्षिण भारत के लिए बढ़ी सुविधा
दक्षिण भारत की यात्रा के लिए पहले ट्रेन सेवा सीमित थी। सिकंदराबाद और चेन्नई जाने वाली ट्रेनों में अक्सर यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती थी। इस समस्या को देखते हुए मुजफ्फरपुर–चर्लापल्ली के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन शुरू किया गया है।
उद्घाटन समारोह
सोमवार को मुजफ्फरपुर से ट्रेन संख्या 05253 उद्घाटन स्पेशल के रूप में चलेगी। यह ट्रेन सोनपुर, पाटलिपुत्र, दानापुर, आरा और बक्सर होते हुए शाम 6:30 बजे पीडीडीयू जंक्शन पहुंचेगी। यहां से ट्रेन मंगलवार की रात 9:00 बजे चर्लापल्ली के लिए रवाना होगी। उद्घाटन समारोह में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तीन नए अमृत भारत एक्सप्रेस सहित सात ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
साप्ताहिक संचालन
14 अक्तूबर से मुजफ्फरपुर–चर्लापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस (15293) प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। वहीं, चर्लापल्ली–मुजफ्फरपुर अमृत भारत एक्सप्रेस (15294) 16 अक्तूबर से प्रत्येक बृहस्पतिवार को चलेगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







