नईकोट नहर में डूबे 12 साल के सावन का 25 घंटे बाद मिला शव, कटसिला रेगुलेटर पर मची चीख-पुकार
चंदौली के नईकोट नहर में नहाते समय डूबे 12 वर्षीय सावन का शव 25 घंटे बाद कटसिला रेगुलेटर के पास उतराया मिला। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकालकर पंचनामा के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
नईकोट नहर में डूबा मासूम बच्चा
25 घंटे बाद मिला सावन का शव
कटसिला रेगुलेटर के पास उतराया शव
अलीनगर पुलिस ने की पंचनामा कार्रवाई
चंदौली जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 8 मलिन बस्ती के रहने वाले शकल रावत जंसो की मड़ई में अपने परिवार के साथ अस्थाई रूप से रहते हैं। गुरुवार की दोपहर उनका 12 वर्षीय पुत्र सावन कुमार अपने दोस्त शिवा के साथ अलीनगर थाना क्षेत्र के नईकोट नहर पुलिया के पास गया हुआ था।
नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया बालक
नहर किनारे पहुँचने के बाद दोस्त शिवा कपड़े धोने लगा, जबकि सावन नहाने के लिए नहर के पानी में उतर गया। नहाते समय अचानक सावन का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया। सावन को डूबता देख उसके दोस्त शिवा ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका और सावन पानी में ओझल हो गया।

गोताखोरों की मदद से 25 घंटे चला सर्च अभियान
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए और बच्चे की खोजबीन शुरू कर दी। सूचना मिलते ही अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में सावन की तलाश शुरू करवाई। काफी प्रयास के बाद भी गुरुवार को उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था।
कटसिला रेगुलेटर के पास उतराया मिला शव
हादसे के पूरे 25 घंटे बाद शुक्रवार की दोपहर सदर कोतवाली क्षेत्र के कटसिला रेगुलेटर के पास सावन का शव उतराया हुआ देखा गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को बाहर निकाला और परिजनों को मौके पर बुलाकर शिनाख्त कराई। अपने मासूम बेटे का बेजान शरीर देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
पंचनामा भरकर परिजनों को सौंपा गया शव
अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह ने बताया कि मासूम के शव की परिजनों द्वारा पहचान कर ली गई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत पंचनामा भरकर शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








