वाराणसी नमो घाट पर वायुसेना का भव्य एयर शो: चंदौली जिला प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने परखा सुरक्षा तंत्र
वाराणसी के नमो घाट पर होने वाले वायुसेना के भव्य 'एयर शो' को लेकर चंदौली जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और एसपी आकाश पटेल ने मंगलवार की देर शाम कटेसर सहित तटीय गांवों का दौरा कर सुरक्षा व ट्रैफिक के कड़े इंतजाम किए।
नमो घाट एयर शो की तैयारियां
चंदौली प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में
डीएम और एसपी ने किया तटीय दौरा
अतिक्रमण हटाने और रूट डायवर्जन के निर्देश
पार्किंग स्थलों पर जुटाई जा रहीं सुविधाएं
वाराणसी के प्रसिद्ध नमो घाट और गंगा तटीय इलाकों के आसमान में जल्द ही भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान हैरतअंगेज करतब दिखाते नजर आएंगे। इस बहुप्रतीक्षित और भव्य 'एयर शो' को सुरक्षित व सफल बनाने के लिए पड़ोसी जिले चंदौली का प्रशासनिक और पुलिस महकमा पूरी तरह मुस्तैद हो गया है।

तटीय गांवों में पहुंचे डीएम और एसपी
कार्यक्रम की भव्यता और भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए मंगलवार को जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने तटीय इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों की टीम ने कटेसर बधवा, डोमरी, बहादुरपुर समेत गंगा के किनारे बसे गांवों का दौरा कर धरातल पर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

सड़कें होंगी अतिक्रमण मुक्त, बनेगा सख्त ट्रैफिक प्लान
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आयोजन स्थल और नमो घाट की ओर जाने वाली सभी मुख्य सड़कों से तत्काल अतिक्रमण हटाया जाए। वहीं, एसपी आकाश पटेल ने यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए फुलप्रूफ रूट डायवर्जन प्लान लागू करने और प्रमुख रास्तों व चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का आदेश दिया।

पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
प्रशासनिक अधिकारियों ने वाहनों की सुचारू आवाजाही और ठहराव के लिए चिन्हित पार्किंग स्थलों पर बुनियादी सुविधाएं जल्द से जल्द जुटाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी और सभी विभाग आपस में समन्वय बनाकर समय पर सारी तैयारियां पूरी करें।
निरीक्षण के दौरान मौजूद रहा आला अधिकारियों का अमला
इस महत्वपूर्ण स्थलीय निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, एएसपी विक्रम दहिया, अधिशासी अभियंता (प्रांतीय खंड) राजेश कुमार, डीपीआरओ अविनाश कुमार, एसडीएम (पीडीडीयू नगर), ईओ तथा ट्रैफिक इंस्पेक्टर समेत पुलिस व नागरिक प्रशासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







