जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

मुगलसराय के अस्पताल में शुरू हुई अत्याधुनिक जांच सुविधा, ब्लड डोनेशन कैंप का भी आयोजन

यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने में मदद करेगी, बल्कि महिलाओं और परिवारों के स्वास्थ्य और जागरूकता को बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।
 

अत्याधुनिक जांच सुविधा अस्पताल में शुरू

मरीजों को बाहर भटकने की जरूरत नहीं

किडनी और लिपिड प्रोफाइल की जांच

CMO ने जांच केंद्र का उद्घाटन किया

चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर स्थित राजकीय महिला चिकित्सालय में सोमवार से अत्याधुनिक जांच केंद्र की सुविधा शुरू हो गई है। अब अस्पताल में आने वाले महिला मरीजों और अन्य इलाज कराने वालों को बाहर जाकर जांच कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस नई सुविधा के तहत मरीजों को अस्पताल परिसर में ही एक छत के नीचे कुल 17 प्रकार की जांच कराने की सुविधा मिलेगी। इसे मरीजों का समय और पैसा दोनों बचेगा।

आपको बता दें कि अत्याधुनिक लैब का उद्घाटन सीएमओ डॉ. वाईके राय ने किया। अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ. एसके चतुर्वेदी ने बताया कि नई लैब में खून की सामान्य जांच, हीमोग्लोबिन, टोटल ल्यूकोसाइट काउंट, टोटल प्लेटलेट काउंट, लिवर फंक्शन टेस्ट, किडनी फंक्शन टेस्ट, लिपिड प्रोफाइल सहित कुल 17 प्रकार की जांच कराई जा सकती हैं। इन जांचों के जरिए मरीजों का समग्र स्वास्थ्य मूल्यांकन एक ही स्थान पर संभव हो गया है। पहले दिन ही 573 मरीजों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई, जिससे पता चलता है कि यह सुविधा मरीजों के लिए कितनी उपयोगी है।

सीएमओ डॉ. वाईके राय ने कहा कि यह पहल मरीजों को केवल सुविधाजनक जांच ही नहीं देगी, बल्कि गंभीर बीमारियों के समय पर निदान और इलाज में भी मददगार साबित होगी। चिकित्सा प्रभारी डॉ. एसके चतुर्वेदी ने बताया कि मरीजों के लिए यह सुविधा एक बड़ी राहत है, क्योंकि उन्हें अब विभिन्न जांचों के लिए अलग-अलग स्थानों पर भटकना नहीं पड़ेगा। इसके अलावा, निजी जांच केंद्रों पर होने वाले अतिरिक्त खर्च से भी मरीजों को राहत मिलेगी।

इसी दौरान अस्पताल में “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान” के तहत ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में 16 लोगों ने रक्तदान किया। इस अवसर पर सीएमओ ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया और लोगों को स्वास्थ्य और रक्तदान के महत्व के बारे में जागरूक किया। कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ. एसके चतुर्वेदी, डॉ. राजेश अगरिया, डॉ. देवेश पांडेय, पूर्व प्राचार्य डॉ. अनिल यादव और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने में मदद करेगी, बल्कि महिलाओं और परिवारों के स्वास्थ्य और जागरूकता को बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण साबित होगी। पीडीडीयू नगर के लिए यह स्वास्थ्य सुविधा एक नई दिशा और बेहतर इलाज का अवसर लेकर आई है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*