मुगलसराय की खोवा मंडी और किराना दुकानों में छापेमारी के नाम पर खानापूर्ति
tds_top_like_showtds_top_like_showtds_top_like_showtds_top_like_showtds_top_like_show
चंदौली जिले के खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को मुगलसराय की खोवा मंडी और किराना दुकानों में छापेमारी की और इनकी आंखों के सामने मंडी के कुछ दुकानदार खोवा समेट भाग खड़े हुए। बड़ी मुश्किल से कार्रवाई के नाम पर टीम ने चार आढ़तियों से खोवा का नमूना एकत्र किया। इसके बाद किराना की दुकान पर जाकर दो नमकीन व एक पापड़ का सैंपल लिया।
कहा जा रहा है कि जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी चंद्रकांत वाजपेयी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कुमार चित्रसैन, ज्ञान प्रकाश सिंह पटेल, रमेश चंद्र, विनय कुमार शाही दोपहर में खोवा मंडी पहुंचे। एक आढ़त पर छापेमारी होते ही खोवा तौलवाने को खड़े अन्य विक्रेता भाग खड़े हुए।
ऐसी हालत में टीम के सदस्यों ने ताबड़तोड़ चार नमूने एकत्र किए। हर समय चहल-पहल रहने वाली मंडी कुछ ही देर के लिए सुनसान जरूर हो गई थी। टीम के सदस्यों ने नगर की ही दो दुकानों से नमकीन और एक दुकान से पापड़ का नमूना लिया। इसके बाद टीम के सदस्य अन्य मुहल्लों में भी पहुंचे लेकिन बड़ी-बड़ी दुकानों का आधा शटर डाउन देख लौट लिए।
साहब लोगों के जाते ही फिर से बाजार सज गए और सारी बंद दुकानें खुल गयीं और फिर से खोवा बिकने लगा। लोगों का कहना था कि अगर सही जांच व कार्रवाई की मंशा है तो अधिकारियों को दो चार दिन समय देकर लगातार छापेमारी करनी चाहिए और भागने वालों को भी दौड़ाकर पकड़ना चाहिए।
जिला अभिहीत अधिकारी आरएल यादव ने बताया कि सभी नमूने जांच को लखनऊ प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अभी तक नगर क्षेत्र से 25 नमूने लिए जा चुके हैं। पर्व तक विभाग का यह अभियान जारी रहेगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







