शांति-समिति की मीटिंग में पुलिस की सलाह व चेतावनी, पंडाल निर्माण में न करें थर्माकोल का उपयोग
दुर्गापूजा और दशहरा पर्व को लेकर अलीनगर में पीस कमेटी की बैठक
सीओ बोले - अफवाह फैलाने वाले पर चिन्हित कर होगी कार्रवाई
चन्दौली जिले में आगामी नवरात्र, दुर्गापूजा और दशहरा पर्व को लेकर शुक्रवार को अलीनगर थाना परिसर में पीडीडीयू नगर सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। इसमें सभी वर्गों से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने का निर्णय लिया गया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि त्यौहार को देखते हुए कोई भी व्यक्ति अगर शांति व्यवस्था बनाए रखने में अवरोध पैदा करेगा। तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कहा कि दुर्गा पूजा आयोजन समितियां पंडाल बनाते समय प्रवेश द्वार और निकास द्वार अलग-अलग बनाएं। ताकि अत्यधिक भीड़ होने के बाद श्रद्धालुओं को असुविधा न हो। आरती के समय हर पंडाल में रस्सी की बैरिकेडिंग कर दी जाए। ताकि लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत ना हो। पंडाल निर्माण में थर्माकोल का प्रयोग न किया जाए।

पुलिस ने कहा कि अगर अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था पूजा पंडाल में न हो तो कम से कम बाल्टियों में बालू भर कर रखें। ताकि आपातकालीन स्थिति में आग पर काबू पाया जा सके। कहा कि विसर्जन के समय जिन लोगों को तैरना न आए उन्हें पानी में जाने से रोका जाए। कहा कि सभी लोगों को किसी भी त्योहार को मनाने में पूरा सहयोग करना चाहिए। जिससे समाज में अव्यवस्था न फैले। अगर कोई व्यक्ति अफवाह फैलाएगा तो उसको चिन्हित करके तत्काल कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने शांति पूर्वक त्यौहार मनाने की अपील की।
जबकि प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने कहा कि किसी भी त्यौहार को सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की परंपरा सभी वर्गों को बनाकर रखनी है। तभी शांति व्यवस्था कायम रहेगी। त्योहार मनाने में किसी भी नई परम्परा की शुरुआत नहीं करनी चाहिए। इससे समाज मे विघटन होने की संभावना बनी रहती है। साथ ही सरकार की गाइडलाइंस का पालन होना चाहिए। कोई भी समस्या हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दी जाए।
इस मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ स्थानीय लोगों में रोशन पटेल, सूरज कुमार, राजेश यादव, अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







