चंदौली में PIB की ‘वार्तालाप’ मीडिया कार्यशाला आयोजित: पत्रकारों को मिले फेक न्यूज की पहचान और फैक्ट-चेकिंग के डिजिटल गुरुमंत्र
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में PIB वाराणसी द्वारा चंदौली के पत्रकारों के लिए ‘वार्तालाप’ मीडिया कार्यशाला आयोजित हुई। इसमें फेक न्यूज की पहचान, फैक्ट-चेकिंग, डिजिटल टूल्स के उपयोग और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर 60 से अधिक पत्रकारों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।
चंदौली में PIB की 'वार्तालाप' मीडिया कार्यशाला
60 से अधिक पत्रकारों ने लिया हिस्सा
फेक न्यूज और फैक्ट-चेकिंग पर दी जानकारी
विधायक रमेश जायसवाल रहे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि
संवाद और डिजिटल टूल्स के उपयोग पर जोर
भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय द्वारा चंदौली जिले के पत्रकारों के लिए 'वार्तालाप' मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकार और मीडिया के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना था। साथ ही पत्रकारों को फेक न्यूज की पहचान, फैक्ट-चेकिंग और डिजिटल टूल्स के प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान क्षेत्र के 60 से अधिक पत्रकारों ने भाग लिया।

12 वर्षों की विकास यात्रा और विकसित भारत का लक्ष्य
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की सराहना करते हुए पत्रकारों से आह्वान किया कि वे अपनी लेखनी के माध्यम से सरकारी योजनाओं की सही और तथ्यपरक जानकारी जनता तक पहुंचाएं।
फैक्ट-चेकिंग और स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेषज्ञों के विचार
बीएचयू के पत्रकारिता विभाग के डॉ. बाला लखेंद्र ने फेक न्यूज से निपटने के लिए पीआईबी फैक्ट-चेक से जुड़ने और खबरों की पुष्टि करने पर जोर दिया। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारितोष मिश्रा ने तंबाकू और धूम्रपान के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशामुक्ति अभियान में मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। एस.आर.वी.सी. स्कूल की प्राचार्या नीलांजना चक्रवर्ती ने बदलते डिजिटल परिवेश और शिक्षा में हो रहे सुधारों पर अपने विचार रखे।

संवाद का सशक्त माध्यम है ‘वार्तालाप’
कार्यशाला के संयोजक एवं पत्र सूचना कार्यालय के निदेशक दिलीप कुमार शुक्ल ने 'वार्तालाप' को सरकार और मीडिया के बीच संवाद का एक मजबूत मंच बताया। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य भ्रामक सूचनाओं से निपटने के लिए पत्रकारों को जरूरी संसाधनों और जानकारी से अपडेट रखना है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने उपस्थित अतिथियों और पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








