मुगलसराय में कल लगेगी PIB की मीडिया कार्यशाला 'वार्तालाप', फेक न्यूज की पहचान पर होगी चर्चा
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (PIB) द्वारा 13 अगस्त को पीडीडीयू नगर के एसआरवीएस कॉलेज में 'वार्तालाप' कार्यशाला आयोजित होगी। इसमें पत्रकारों को फेक न्यूज पकड़ने, फैक्ट-चेकिंग टूल्स और केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।
पीडीडीयू नगर में पीआईबी की 'वार्तालाप' कार्यशाला
फेक न्यूज और भ्रामक खबरों की पहचान
बीएचयू प्रोफेसर देंगे डिजिटल फैक्ट-चेकिंग टिप्स
केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों पर चर्चा
मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल होंगे मुख्य अतिथि
भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय (PIB), वाराणसी की ओर से चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर में पत्रकारों के लिए एक विशेष मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 13 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे पंचफेडवा स्थित एसआरवीएस कॉलेज सभागार में संपन्न होगा।

विधायक रमेश जायसवाल होंगे मुख्य अतिथि
आयोजित होने जा रही इस कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में मुगलसराय के विधायक रमेश जायसवाल शिरकत करेंगे। उनके साथ एसआरवीएस ग्रुप की प्रबंध निदेशक व समाजसेवी सरिता सिंह, चंदौली के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) राल्लपल्ली जगत साई और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. परितोष मिश्रा भी विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे।
डिजिटल दौर में फेक न्यूज की पहचान करना मुख्य मकसद
डिजिटल और सोशल मीडिया के तेजी से बढ़ते दौर में इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों को भ्रामक खबरों, फेक न्यूज और गलत दावों की पहचान करने में सक्षम बनाना है। इसके माध्यम से पत्रकारों को समाचारों की सत्यता और प्रामाणिकता जांचने के लिए आवश्यक व्यावहारिक जानकारी और डिजिटल टूल्स की ट्रेनिंग दी जाएगी।
बीएचयू के प्रोफेसर देंगे फैक्ट-चेकिंग की स्पेशल ट्रेनिंग
कार्यक्रम में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU), वाराणसी के पत्रकारिता विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. बाला लखेंद्र एक विशेष सत्र लेंगे। वे सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो, फोटो और खबरों का स्रोत जांचने, दावों का फैक्ट-चेक करने और गूगल सहित विभिन्न डिजिटल टूल्स के प्रभावी उपयोग के तरीके सिखाएंगे ताकि खबरें प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की निष्पक्ष पुष्टि हो सके।
केंद्र सरकार के 12 वर्षों के विकास कार्यों पर होगी चर्चा
फैक्ट-चेकिंग के अलावा, कार्यशाला में पिछले 12 वर्षों के दौरान केंद्र सरकार द्वारा चलाई गई प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों की भी जानकारी दी जाएगी। इसका मकसद पत्रकारों को सरकार की योजनाओं से जुड़े प्रमाणित और तथ्यात्मक आंकड़े देना है, जिससे वे अधिक सटीक, विश्वसनीय और सूचनाप्रद रिपोर्टिंग कर सकें।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








