जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

राजभाषा कार्यान्वयन समिति की त्रैमासिक बैठक, मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना रहे मौजूद

बैठक में मंडल के सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने राजभाषा को लेकर सकारात्मक योगदान देने का आश्वासन दिया।
 

डीडीयू मंडल की त्रैमासिक राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक

डीआरएम बोले-राजभाषा हमारी कार्य संस्कृति का अभिन्न अंग

राजभाषा को लेकर सकारात्मक योगदान देने का आश्वासन

चंदौली जिले के डीडीयू मंडल में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने हेतु मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की त्रैमासिक बैठक 8 जुलाई 2025, मंगलवार देर शाम मंडल कार्यालय के सभागार में आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक  उदय सिंह मीना ने की।

RAIL

बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा हिंदी के प्रयोग की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई और यह विचार किया गया कि किस प्रकार से हिंदी को कार्यालयीन कार्यों में और अधिक प्रभावी रूप से लागू किया जा सकता है। मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि राजभाषा का प्रयोग केवल औपचारिकता न होकर कार्य संस्कृति का एक सशक्त और अभिन्न अंग बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदी में कार्य करने से न केवल पारदर्शिता और सुलभता बढ़ती है, बल्कि यह आम नागरिकों से संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम भी है।

बैठक में अधिकारियों द्वारा राजभाषा संबंधी विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। सुझाव दिए गए कि प्रशिक्षण, कार्यशालाओं और प्रतियोगिताओं के माध्यम से कर्मचारियों को हिंदी में दक्ष किया जाए ताकि वे निर्बाध रूप से हिंदी में कार्य कर सकें। साथ ही यह भी प्रस्तावित किया गया कि तकनीकी शब्दों की हिंदी में व्याख्या को सरल और प्रासंगिक बनाया जाए।

इस अवसर पर बीती तिमाही में हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभाग को प्रोत्साहन स्वरूप चल राजभाषा शील्ड प्रदान की गई। यह सम्मान कार्मिक विभाग को प्रदान किया गया, जिसे मंडल कार्मिक अधिकारी (प्रभारी)  जैश कुमार ने ग्रहण किया। यह शील्ड विभाग द्वारा राजभाषा के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट प्रयासों की प्रतीक रही।

बैठक का समन्वयन अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी सह अपर मंडल रेल प्रबंधक दिलीप कुमार द्वारा किया गया। संचालन राजभाषा अधिकारी सह मंडल कार्मिक अधिकारी  राजेश कुमार ने किया। बैठक में मंडल के सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने राजभाषा को लेकर सकारात्मक योगदान देने का आश्वासन दिया।

बैठक समापन के साथ यह संदेश स्पष्ट हुआ कि डीडीयू मंडल में हिंदी को न केवल संवैधानिक दायित्व के रूप में देखा जा रहा है, बल्कि इसे प्रशासनिक कार्यों की धुरी बनाने की दिशा में गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*