जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

ऑपरेशन ‘समय पालन’ में रेलवे की सख्ती, चेन पुलिंग और महिला बोगी में यात्रा पर कसा शिकंजा

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि चेन पुलिंग से ट्रेनों के संचालन में अनावश्यक विलंब होता है, जिससे समयबद्धता प्रभावित होती है और हजारों यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है।
 

चेन पुलिंग के आरोप में 612 यात्रियों पर कार्रवाई

महिला कोच में अवैध यात्रा करते पकड़े गए 1176 पुरुष

15 से 30 जून तक चला रेलवे सुरक्षा बल का अभियान

चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर में रेलवे प्रशासन अब यात्रा नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के मूड में है। पूर्व मध्य रेल में चलाए जा रहे ऑपरेशन 'समय पालन' के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बीते 15 दिनों के भीतर बड़ी संख्या में यात्रियों को नियम तोड़ते हुए पकड़ा है।

15 जून से 30 जून के बीच, रेलवे सुरक्षा बल द्वारा बिना उचित कारण चेन पुलिंग करने के आरोप में 612 यात्रियों को हिरासत में लिया गया। इनके खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 141 के तहत कार्रवाई की गई है।

मंडलवार कार्रवाई

    समस्तीपुर मंडल: 136

    सोनपुर मंडल: 64

    पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल: 40

    धनबाद मंडल: 45

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि चेन पुलिंग से ट्रेनों के संचालन में अनावश्यक विलंब होता है, जिससे समयबद्धता प्रभावित होती है और हजारों यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है।

महिला कोच में अवैध यात्रा पर भी कार्रवाई
इसी अवधि में रेलवे ने महिला कोचों में बिना अधिकार यात्रा कर रहे 1176 पुरुष यात्रियों को भी पकड़ा। इनके विरुद्ध रेल अधिनियम की धारा 162 के तहत कार्रवाई की गई।

    दानापुर मंडल: 420

    धनबाद मंडल: 342

    सोनपुर मंडल: 275

    समस्तीपुर मंडल: 78

    पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल: 61

रेलवे सुरक्षा बल ने इन यात्रियों को हिरासत में लेकर जुर्माना और विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी की।

नियमों का पालन करें, नहीं तो होगी सख्त कार्रवाई

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अनावश्यक चेन पुलिंग न करें और महिला कोच में केवल अधिकृत यात्री ही यात्रा करें। नियमों के उल्लंघन पर भविष्य में भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

रेलवे का यह अभियान यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और समयपालन सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*