जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

रेवसा ITI परिसर में भव्य विकास प्रदर्शनी का आगाज: विधायकों ने फीता काटकर किया 4 दिवसीय मेले का शुभारंभ

चंदौली के रेवसा ITI परिसर में चार दिवसीय भव्य विकास प्रदर्शनी की शुरुआत हुई। जनप्रतिनिधियों ने दीप जलाकर इसका उद्घाटन किया, जहाँ सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को स्टॉल व सेल्फी पॉइंट के जरिए दिखाया गया है।

 
 

रेवसा आईटीआई परिसर में प्रदर्शनी शुरू

17 से 20 जून तक चलेगा आयोजन

'पहले और अब' थीम पर लगी प्रदर्शनी

प्रधानमंत्री मोदी कटआउट संग खिंचवाई सेल्फी

लाभार्थियों को बांटे गए टूल किट और चेक

भारत सरकार के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के सफल 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चंदौली में एक बड़े जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत हुई है। 5 जून से 21 जून 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत जिला प्रशासन और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त प्रयास से आईटीआई परिसर, रेवसा में चार दिवसीय 'विकास प्रदर्शनी' का आयोजन किया गया है। बुधवार, 17 जून को इस प्रदर्शनी का उद्घाटन बेहद भव्य तरीके से किया गया।

revsa-iti-vikas-pradarshani-exhibition-news-2026

माननीय जनप्रतिनिधियों ने दीप जलाकर किया शुभारंभ
इस प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि व पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष काशी प्रांत महेश चंद्र श्रीवास्तव, चकिया विधायक कैलाश आचार्य, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह और बीजेपी जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर और फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का जिला प्रशासन की ओर से पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्रम भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के कुशल मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न विभागों ने यहाँ अपनी-अपनी कल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाए हैं।

revsa-iti-vikas-pradarshani-exhibition-news-2026

'पहले और अब' की थीम ने खींचा सबका ध्यान
प्रदर्शनी में युवाओं, महिलाओं और गरीबों के उत्थान को समर्पित केंद्र व प्रदेश सरकार की बड़ी उपलब्धियों को बेहद आकर्षक ढंग से दिखाया गया है। यहाँ उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर को दर्शाने के लिए ‘पहले और अब’ की खास थीम रखी गई है, जिसमें राज्य की मजबूत कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, पुलिस आधुनिकीकरण, बुनियादी ढांचा परियोजनाओं (इन्फ्रास्ट्रक्चर), डिजिटल गवर्नेंस, हरित ऊर्जा और आधुनिक कृषि से जुड़े विजन-2047 को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।

एलईडी वैन और सेल्फी पॉइंट का जबरदस्त क्रेज
प्रदर्शनी स्थल पर आम लोगों और छात्र-छात्राओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र माननीय प्रधानमंत्री जी के कटआउट के साथ बनाया गया 'सेल्फी पॉइंट' रहा। जहाँ युवाओं, छात्र-छात्राओं और खुद जनप्रतिनिधियों ने बड़े उत्साह के साथ सेल्फी खिंचवाई। इसके साथ ही, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की एलईडी वैन के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक विभाग के कलाकार ओम तिवारी ने अपने मधुर गीतों के जरिए सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाया।

लाभार्थियों को मिली टूल किट और उपकरणों की सौगात
इस मौके पर खादी एवं ग्रामोद्योग, उद्योग, पर्यटन, बाल विकास एवं पुष्टाहार, स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (SRLM) के स्टॉलों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों के हाथों डेमो चेक, आवश्यक टूल किट और स्वरोजगार के लिए पॉपकॉर्न बनाने के उपकरण बांटे गए।

इस गौरवमयी शुरुआत के अवसर पर पीडी डीआरडीए बीबी सिंह, डीसी मनरेगा आरके चतुर्वेदी, खादी ग्राम उद्योग अधिकारी जीपी यादव, अपर जिला सूचना अधिकारी केके यादव सहित जिले के तमाम आला अधिकारी, शिक्षकगण और भारी संख्या में स्थानीय नागरिक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*