इसलिए 5 दिन बंद रहेगा रिंग रोड वाला गंगा पुल, लोड टेस्टिंग के लिए NHAI ने बना रखा है ऐसा डायवर्जन प्लान
चंदौली-वाराणसी रिंग रोड फेज 3 गंगा पुल 5 दिन के लिए बंद
10 से 14 नवंबर तक लोड टेस्टिंग के लिए रूट डायवर्जन लागू
भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से किया जाएगा डायवर्ट
चंदौली और वाराणसी के बीच आवागमन को सुगम बनाने वाले रिंग रोड फेज 3 का महत्वपूर्ण हिस्सा, गंगा पुल, लोड टेस्टिंग के काम के लिए 5 दिनों तक पूरी तरह से बंद रहेगा। एनएचएआई (NHAI) द्वारा जारी सूचना के अनुसार, यह प्रतिबंध 10 नवंबर की सुबह 8 बजे से 14 नवंबर की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस अवधि के दौरान संदहा वाराणसी से पंचपेड़वा चंदौली के बीच 1.8 किलोमीटर लंबे इस पुल से किसी भी वाहन का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
पुल की मजबूती जांचने के लिए लोड टेस्टिंग
इस पुल की लोड टेस्टिंग एक अनिवार्य प्रक्रिया है। इसके तहत, निर्माण सामग्री को ट्रकों में लोड करके पुल पर एक निश्चित अवधि के लिए छोड़ दिया जाएगा ताकि पुल की वहन क्षमता (Load Bearing Capacity) की जांच की जा सके। यह पुल 994 करोड़ रुपये की लागत से 27.27 किमी फोरलेन परियोजना का हिस्सा है। लोड टेस्ट में सफलतापूर्वक पास होने के बाद ही फिनिशिंग का काम पूरा कराया जाएगा। विभाग ने यह कदम इसलिए भी उठाया क्योंकि लगातार भारी वाहनों के उपयोग से पुल की सड़क सतह उखड़ने लगी थी और जगह-जगह दरारें पड़ गई थीं, जिसकी तत्काल मरम्मत की गई थी।
एसपी चंदौली ने जारी किया रूट डायवर्जन प्लान
चंदौली के एसपी आदित्य लांगो ने निर्माण कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत डायवर्जन प्लान लागू किया है:
- हल्के वाहन: दोपहिया, चारपहिया और हल्के वाहन पचपेड़वा रिंग रोड से सकलडीहा, ताराजीवनपुर, कैली और मवईकला तक जा सकेंगे। हालांकि, मवईकला से आगे गंगा पुल की ओर उनका आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।
- भारी वाहन: वाराणसी, आजमगढ़, गाजीपुर और चंदौली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।
- वैकल्पिक मार्ग: ये वाहन एनएच-19 (राष्ट्रीय राजमार्ग-19) और चंदौली-सैदपुर मार्ग का उपयोग करके अपने गंतव्य तक पहुँच सकेंगे।
रोजाना 1000 से अधिक लोग होंगे प्रभावित
पुल के 5 दिन बंद रहने से करीब एक हजार से अधिक लोगों का रोजाना आवागमन प्रभावित होगा। पचपेड़वा रिंग रोड से वाराणसी जाने वाले चार पहिया वाहनों की संख्या रोजाना 400 से ज्यादा है, जबकि दो पहिया वाहनों की संख्या 600 के करीब है। ये वे लोग हैं जो वाराणसी से चंदौली में नौकरी करने आते हैं या फिर चंदौली से वाराणसी जाते हैं। इन यात्रियों को अब लगभग 10 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तय करनी पड़ेगी और खराब सड़कों का भी सामना करना पड़ सकता है।
विभाग की अपील और निर्देश
एनएचएआई और ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील की है। लोगों को अनावश्यक रूप से इस मार्ग का उपयोग न करने और यात्रा के लिए वैकल्पिक रास्तों का चयन करने की सलाह दी गई है, ताकि जाम या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। यात्रियों को सलाह दी गई है कि घर से निकलने से पहले रास्ते की जानकारी अवश्य ले लें।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






