जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

DDU जंक्शन पर RPF का बड़ा एक्शन: ट्रेनों में अवैध वसूली करने वाले 12 किन्नर गिरफ्तार, सभी भेजे गए जेल

पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर विक्रमशिला एक्सप्रेस में यात्रियों से जबरन वसूली और दुर्व्यवहार करने वाले 12 किन्नरों को आरपीएफ ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यात्रियों की शिकायत पर हुई इस त्वरित कार्रवाई से स्टेशन पर हड़कंप मच गया।

 
 

विक्रमशिला एक्सप्रेस में अवैध वसूली

आरपीएफ ने 12 किन्नरों को पकड़ा

यात्रियों से दुर्व्यवहार की शिकायत

डीडीयू जंक्शन पर मची अफरा-तफरी

सभी आरोपियों को भेजा गया जेल

पूर्व मध्य रेलवे के पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल के जंक्शन पर गुरुवार की देर रात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार करने और जबरन पैसा वसूलने के आरोप में आरपीएफ ने 12 किन्नरों को हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में कानूनी प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया गया।

चन्दौली पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल अंतर्गत पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर 5 फरवरी की देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अप विक्रमशिला एक्सप्रेस से आरपीएफ ने दर्जनभर किन्नरों को हिरासत में ले लिया। यात्रियों का आरोप था कि किन्नर कोचों में जबरन पैसा वसूल रहे थे और रुपये देने से इनकार करने पर दुर्व्यवहार कर रहे थे। यात्रियों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरपीएफ ने सभी किन्नरों को ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही पकड़ लिया।

आरपीएफ डीडीयू पोस्ट लाए जाने के बाद किन्नरों ने अचानक हंगामा शुरू कर दिया, जिससे स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति तब और बिगड़ गई जब हवालात में बंद किए जाने के बाद किन्नरों ने तांडव शुरू कर दिया। बताया गया कि कुछ किन्नरों ने पोस्ट कार्यालय में लगे शीशे तोड़ दिए, जबकि कुछ ने शीशे के टुकड़े लेकर नस काटने की धमकी दी। इतना ही नहीं, अर्धनग्न होकर जोर-जोर से चिल्लाने लगे, जिससे ड्यूटी पर तैनात जवानों की परेशानी बढ़ गई।

हालात को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ ने तत्काल जीआरपी प्रभारी को सूचना दी। मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचते ही किन्नरों का हंगामा शांत हुआ। हालांकि 6 फरवरी की सुबह एक बार फिर हंगामा करने का प्रयास किया गया, लेकिन आरपीएफ और जीआरपी की सख्ती के चलते स्थिति पर काबू पा लिया गया।

पकड़े गए किन्नरों की पहचान रानी निवासी डुमरांव, काजल राय बक्सर, सोनी डुमरांव, टीना बक्सर, रोशनी बक्सर, मोनिशा बक्सर, मधु बक्सर, जोबा बक्सर, ज्योति बक्सर, फातिमा खातून बक्सर, रिया राय बक्सर और राखी बक्सर के रूप में हुई है। सभी किन्नर बिहार प्रांत के निवासी बताए गए हैं।

आरपीएफ ने सभी के खिलाफ अपराध संख्या 1038/2026 से 1049/2026 के तहत धारा 145, 146 एवं 147 रेल अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया। शुक्रवार को सभी को रेलवे मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने सभी को जेल भेज दिया।

इस संबंध में आरपीएफ डीडीयू पोस्ट प्रभारी प्रदीप कुमार रावत ने बताया कि यात्रियों से अवैध धन वसूली और हंगामे की सूचना मिलने पर किन्नरों को हिरासत में लिया गया था। विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए सभी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*