जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

सपा नेताओं के हाउस अरेस्ट पर भड़का आक्रोश, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बाबूलाल यादव के नेतृत्व में चकिया तिराहे पर धरना

पीडीडीयू नगर में नेताओं के कथित हाउस अरेस्ट के विरोध में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। चकिया तिराहे पर धरना देकर कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी की और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई।

 
 

हाउस अरेस्ट के विरोध में सपा का प्रदर्शन

चकिया तिराहे पर दिया जोरदार धरना

विपक्ष की आवाज दबाने का लगाया आरोप

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई

प्रतिबंध हटने की सूचना पर धरना समाप्त

चंदौली जिले के मुगलसराय में प्रशासन द्वारा समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन के नेताओं को कथित रूप से हाउस अरेस्ट किए जाने का मामला अब तूल पकड़ चुका है। इसके विरोध में मंगलवार को सपा कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि सरकार सत्ता के दबाव में विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है।

samajwadi-party-protest-pddu-nagar-house-arrest

मानस नगर से चकिया तिराहे तक निकाला जुलूस
यह पूरा प्रदर्शन पूर्व ब्लॉक प्रमुख बाबूलाल यादव की अगुवाई में आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले मानस नगर स्थित उनके आवास से एक जुलूस निकाला, जो चकिया तिराहे पर स्थित गंजी प्रसाद की प्रतिमा स्थल तक गया। वहां पहुंचकर सभी कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

'विपक्ष को बोलने से रोकना लोकतंत्र की हत्या'
धरने को संबोधित करते हुए पूर्व ब्लॉक प्रमुख बाबूलाल यादव ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले नेताओं को घरों में कैद करना पूरी तरह अलोकतांत्रिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सदन में अपनी बात रखने का पूरा मौका नहीं दिया जा रहा है, जो संविधान के खिलाफ है।

samajwadi-party-protest-pddu-nagar-house-arrest

शिक्षा मंत्री के नैतिक इस्तीफे की उठी मांग
प्रदर्शन के दौरान सपा नेता प्रेमनाथ तिवारी ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए राज्य के शिक्षा मंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पढ़ाई-लिखाई की हालत लगातार खराब हो रही है और सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटका रही है। तिवारी ने नैतिक आधार पर शिक्षा मंत्री से तुरंत इस्तीफे की मांग की।

पुलिस के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ धरना
काफी देर तक चले इस हंगामे और धरने के बाद मुगलसराय थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को जानकारी दी कि जिन नेताओं और कार्यकर्ताओं को नजरबंद किया गया था, उन पर से सभी प्रतिबंध हटा लिए गए हैं। इस सूचना के बाद सपा नेताओं ने धरना खत्म करने का ऐलान किया। प्रदर्शन के दौरान एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात रहा।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*