जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

पश्चिम बंगाल से राजस्थान तक दौड़ेगी ये साप्ताहिक ट्रेन, टाटानगर, रांची, डालटनगंज, DDU, प्रयागराज, कानपुर, आगरा के रास्ते चलेगी ट्रेन

सांतरागाछी-खातीपुरा साप्ताहिक एक्सप्रेस 18061 का नियमित परिचालन 4 नवंबर से, खातीपुरा से 6 नवंबर से वापसी, DDU जंक्शन पर 8:48 बजे ठहराव, पांच राज्यों को जोड़ेगी ट्रेन।

 
 

सांतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस नियमित परिचालन

4 नवंबर से हर बुधवार चलेगी

DDU जंक्शन पर 8:48 ठहराव

22 कोच से लैस साप्ताहिक ट्रेन

5 राज्यों के यात्रियों को सुविधा

चंदौली रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पश्चिम बंगाल के सांतरागाछी और राजस्थान के खातीपुरा (जयपुर) के बीच नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित परिचालन शुरू किया जा रहा है। गाड़ी संख्या 18061/18062 सांतरागाछी-खातीपुरा-सांतरागाछी एक्सप्रेस टाटानगर, रांची, लातेहार, डालटनगंज, गढ़वा रोड, जपला, डेहरी ऑन सोन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू), प्रयागराज, कानपुर और आगरा के रास्ते चलेगी। इससे पांच राज्यों के प्रमुख शहरों के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा और यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस ट्रेन को 26 अक्टूबर 2026 को रेल मंत्री ने उद्घाटन स्पेशल के रूप में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। अब इसका नियमित परिचालन सांतरागाछी से 4 नवंबर और खातीपुरा से 6 नवंबर 2026 से शुरू होगा।

बुधवार को सांतरागाछी से होगी रवाना

गाड़ी संख्या 18061 सांतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार को सांतरागाछी से दोपहर 2:15 बजे प्रस्थान करेगी। यह खड़गपुर, टाटानगर और रांची होते हुए गुरुवार को टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डालटनगंज, गढ़वा रोड, जपला, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड और डीडीयू जंक्शन पहुंचेगी। ट्रेन डीडीयू से सुबह 8:48 बजे प्रस्थान कर प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल और ईदगाह आगरा सहित विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए रात 11 बजे खातीपुरा (जयपुर) पहुंचेगी।

शुक्रवार को खातीपुरा से होगा परिचालन

वापसी में गाड़ी संख्या 18062 खातीपुरा-सांतरागाछी एक्सप्रेस प्रत्येक शुक्रवार को सुबह 9:15 बजे खातीपुरा से रवाना होगी। यह ईदगाह आगरा, टुंडला, कानपुर सेंट्रल और प्रयागराज होते हुए शनिवार को रात 12:43 बजे डीडीयू जंक्शन पहुंचेगी। यहां से ट्रेन भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, जपला, गढ़वा रोड, डालटनगंज, बरवाडीह, लातेहार, टोरी और रांची होते हुए टाटानगर तथा खड़गपुर के रास्ते शाम 7:45 बजे सांतरागाछी पहुंचेगी।

कुल 22 कोच से लैस होगी ट्रेन

इस साप्ताहिक एक्सप्रेस में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इनमें वातानुकूलित प्रथम श्रेणी का एक, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के दो, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के चार, वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी के दो, शयनयान श्रेणी के छह, साधारण श्रेणी के चार, एक पेंट्रीकार और दो एसएलआर कोच शामिल हैं। पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के यात्रियों को इस ट्रेन से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*