ट्रेन के आगे कूदकर भोगवार निवासी राजमनी देवी ने दी जान, मानसिक रूप से थी परेशान
चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक मानसिक रूप से बीमार महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
अलीनगर के सरेसर गांव की घटना
मानसिक रूप से बीमार थी महिला
ट्रेन के आगे कूदकर की आत्महत्या
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मृतका भोगवार गांव की निवासी थी
चंदौली जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ अलीनगर थाना क्षेत्र के सरेसर गांव के पास शुक्रवार की सुबह एक महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। यह घटना डीडीयू-पटना मुख्य रेल लाइन के पोल संख्या 1074 के समीप घटित हुई।
बताया जा रहा है कि जब सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने जब रेलवे ट्रैक पर एक क्षत-विक्षत शव देखा, तो इलाके में सनसनी फैल गई।
तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और आरपीएफ को दी गई। उसके बाद पुलिस की प्राथमिक जांच और ग्रामीणों के सहयोग से मृतका की पहचान 48 वर्षीय राजमनी देवी के रूप में हुई है। वह मुगलसराय थाना क्षेत्र के भोगवार गांव के रहने वाले विक्रम पटेल की पत्नी थीं।
परिजनों के अनुसार, राजमनी देवी पिछले काफी समय से मानसिक रूप से बीमार चल रही थीं और उनका उपचार भी चल रहा था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह वह घर से बिना किसी को कुछ बताए चुपके से निकल गई थीं और इस दर्दनाक कदम को अंजाम दिया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच पड़ताल
घटना की जानकारी मिलते ही अलीनगर थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पंचनामा किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मामले में थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला के मानसिक रूप से बीमार होने की बात सामने आई है, जिसके कारण उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सके।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







