लोक अदालत के जनक शिवदयाल चौरसिया की 123वीं जयंती मनाई गई, लखनऊ में आयोजित होगा भव्य 'शिखर सम्मान समारोह'
चौरसिया समाज के गौरव और लोक अदालत के जनक स्वर्गीय शिवदयाल चौरसिया की 123वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए लखनऊ में होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन का निमंत्रण भी दिया।
लोक अदालत के जनक शिवदयाल चौरसिया
14 मार्च को राष्ट्रीय लोक अदालत
लखनऊ में शिखर सम्मान समारोह आयोजन
चौरसिया समाज का सामाजिक जागरूकता सम्मेलन
पिछड़ों के मसीहा को दी गई श्रद्धांजलि
चंदौली: भारतीय चौरसिया महासभा के जिला अध्यक्ष प्रकाश चंद चौरसिया के मौना ताली स्थित निवास पर पिछड़ों और शोषितों के मसीहा, पूर्व राज्यसभा सांसद स्वर्गीय शिवदयाल चौरसिया की 123वीं जन्मदिवस को 'लोक अदालत दिवस' के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर समाज के गणमान्य लोगों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर विचार गोष्ठी का आयोजन किया।
लोक अदालत के माध्यम से देश को दिया 'सस्ता न्याय'
विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष भागवत नारायण चौरसिया ने कहा कि बाबू स्वर्गीय शिवदयाल चौरसिया का चौरसिया परिवार में जन्म लेना पूरे समाज के लिए गौरव की बात है। वे लोक अदालत के जनक थे, जिसकी बदौलत आज देश के करोड़ों लोगों को आपसी समझौते के आधार पर सुलभ और सस्ता न्याय मिल रहा है। उन्होंने बताया कि साल में चार-पांच बार लगने वाली लोक अदालत से अब तक करोड़ों लोग लाभान्वित हो चुके हैं। विशेष बात यह है कि उनके जन्म दिवस के अवसर पर आगामी 14 मार्च को पूरे देश में लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है, जिसका लाभ हर नागरिक को उठाना चाहिए।
लखनऊ में आयोजित होगा 'शिखर सम्मान समारोह'
प्रदेश अध्यक्ष पारस चौरसिया ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय चौरसिया के आह्वान पर पूरे देश में यह जयंती मनाई जा रही है। इसी कड़ी में 15 मार्च 2026 (रविवार) को लखनऊ स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस सभागार (राजभवन के सामने) में 'शिखर सम्मान समारोह' और 'सामाजिक जागरूकता सम्मेलन' का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री आशीष पटेल शिरकत करेंगे। उन्होंने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचने की अपील की।
सामाजिक न्याय के प्रणेता थे शिवदयाल चौरसिया
महादेव क्लब के अध्यक्ष अनिल जायसवाल ने उन्हें सर्वसमाज का नेता बताते हुए उनके मार्ग पर चलने का आह्वान किया। विचार गोष्ठी में पारसनाथ चौरसिया, राजेंद्र प्रसाद चौरसिया, शकुंत लाल यादव, बबलू चौरसिया, सूरज प्रसाद जायसवाल, अक्षत चौरसिया और प्रियांशु चौरसिया सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में नगर अध्यक्ष राजेंद्र चौरसिया ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







