कई महीनों से पेंडिंग मांग होगी पूरी, पुलिस चौकी का हो सकता है शुभारंभ
ASP अनंत चंद्रशेखर की पहल लाई रंग
नवरात्रि में हो सकता है सिकटियां पुलिस चौकी का शुभारंभ
CO कृष्ण मुरारी शर्मा ने किया निरीक्षण
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के सिकटियां चौराहे पर निर्माणाधीन पुलिस चौकी भवन का कार्य अब पूरा हो चुका है। शुक्रवार की देर रात पीडीडीयू नगर क्षेत्राधिकारी (सीओ) कृष्ण मुरारी शर्मा व अलीनगर थाना प्रभारी अनील पांडेय ने मौके पर पहुंचकर चौकी का निरीक्षण किया। इस दौरान सीओ ने बताया कि पुलिस चौकी भवन पूरी तरह तैयार है और नवरात्र के अवसर पर इसका उद्घाटन किया जा सकता है।

आपको बता दें कि सिकटियां चौकी की नींव नवंबर 2021 की उस घटना के बाद रखी गई थी, जब अलीनगर थाना क्षेत्र के सिकटियां व तारनपुर की बस्तियों में पत्थरबाजी और हिंसा हुई थी। इस दौरान तारनपुर गांव के एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद तत्कालीन अलीनगर थाना प्रभारी संतोष सिंह ने जन सहयोग से चौकी भवन की नींव रखवाई थी। हालांकि उनके ट्रांसफर के बाद निर्माण कार्य अधर में लटक गया। इसके बाद कई थाना प्रभारियों के कार्यकाल में चौकी का काम आगे नहीं बढ़ सका। लेकिन नवंबर 2023 में तत्कालीन सीओ अनिरुद्ध सिंह व अलीनगर प्रभारी शेषधर पांडेय ने जन सहयोग से अधूरे भवन का शिलान्यास कर कार्य को फिर से गति दी। दोनों अधिकारियों ने चौकी को सुसज्जित और आधुनिक स्वरूप देने का आश्वासन दिया था। लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही उनका भी तबादला हो गया।

मार्च 2025 में जब एडिशनल एसपी अनंत चंद्रशेखर ने चंदौली में कार्यभार संभाला तो लोगों ने अधूरी चौकी का मुद्दा उनके सामने रखा। इसके बाद तत्कालीन अलीनगर थाना प्रभारी विनोद मिश्रा ने भवन का रंग-रोगन कर काम आगे बढ़ाया, लेकिन उनका भी तबादला हो गया।
करीब 70 प्रतिशत काम पूरा होने के बाद मौजूदा सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने पहल की और अलीनगर थाना प्रभारी अनील पांडेय को शेष कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। अनील पांडेय ने कमान संभालते ही अधूरे कार्यों को तेजी से पूरा कराया।

थाना प्रभारी अनील पांडेय ने बताया कि सिकटियां के साथ-साथ लौंदा पुलिस चौकी का भी निर्माण अंतिम चरण में है। जल्द ही उसका भी शुभारंभ कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन चौकियों के बन जाने से पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और थाना क्षेत्र में पुलिसिंग व्यवस्था मजबूत होगी।

इस संबंध में सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा कि सिकटियां चौकी का अपना भवन होने से न सिर्फ पुलिसकर्मियों को सुविधा होगी, बल्कि फरियादियों को भी आसानी होगी। अब लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलीनगर थाना नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि सिकटियां चौकी पर ही सुनवाई हो सकेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चौकी बनने से इलाके में शांति और कानून व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। खासकर सिकटियां चौराहे और आसपास के ग्रामीण इलाकों में पुलिस की सक्रियता बढ़ने से आपराधिक घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







