सुब्रतो कप अंडर-17 बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आगाज़
प्रदेश के आठ मंडलों की टीमें ले रही हैं हिस्सा
गोरखपुर बनाम मेरठ के बीच हुआ उद्घाटन मैच
विधायक रमेश जायसवाल ने किया शुभारंभ
चंदौली जिले के मुगलसराय बालिकाओं को खेल जगत में आगे बढ़ने का अवसर देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही प्रदेश स्तरीय सुब्रतो कप अंडर-17 बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता 2025-26 का शुभारंभ शुक्रवार को भव्य रूप से हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन रेलवे इंडियन इंस्टीट्यूट, मुगलसराय के फुटबॉल मैदान में किया जा रहा है, जहां प्रदेश के आठ प्रमुख मंडलों की टीमों ने भाग लिया है।

प्रतियोगिता का उद्घाटन शुक्रवार सुबह 9:30 बजे क्षेत्रीय विधायक रमेश जायसवाल तथा जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) देवेंद्र कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। उद्घाटन अवसर पर स्कूली बच्चों, खेलप्रेमियों और क्षेत्रीय नागरिकों की भारी भीड़ मैदान में उपस्थित रही। शुभारंभ के साथ ही पहला मैच गोरखपुर और मेरठ मंडल की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें दोनों ही टीमों की खिलाड़ी पूरे जोश और उत्साह के साथ मैदान पर उतरीं और शानदार खेल प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता में वाराणसी, गोरखपुर, मुरादाबाद, मेरठ, लखनऊ, आजमगढ़, अयोध्या और मिर्जापुर मंडलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रदेश स्तर की यह प्रतियोगिता माध्यमिक विद्यालय क्रीड़ा समिति के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य विद्यालयी छात्राओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना, उनकी प्रतिभा को मंच देना तथा उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्त करना है।

उद्घाटन समारोह में विधायक रमेश जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, परिश्रम और नेतृत्व गुणों के विकास का आधार भी होता है। उन्होंने बालिका खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज की बालिकाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और खेलों में भी वे प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रही हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता पूर्णतः प्रदेश स्तरीय है और इसका संचालन क्रीड़ा समिति की देखरेख में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु समिति के सभी पदाधिकारी, शिक्षकगण, स्वयंसेवक एवं सहयोगी संस्थाएं दिन-रात परिश्रम कर रहे हैं।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमें प्रतियोगिता स्थल के निकट निर्धारित छात्रावासों में ठहराई गई हैं, जहां उन्हें भोजन, आवास और आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। आयोजन स्थल पर चिकित्सीय सहायता, जल व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य आवश्यक प्रबंध भी सुनिश्चित किए गए हैं।
समारोह में स्थानीय विद्यालयों से आए छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण और अभिभावकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबले अगले कई दिनों तक जारी रहेंगे और फाइनल मुकाबला प्रतियोगिता के अंतिम दिन आयोजित किया जाएगा। विजेता टीम को ट्रॉफी और प्रमाणपत्रों के साथ राज्यस्तरीय मान्यता भी दी जाएगी।

इस आयोजन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि बालिकाएं अब सिर्फ शिक्षा ही नहीं, बल्कि खेलों में भी अग्रणी भूमिका निभाने को तैयार हैं। सुब्रतो कप जैसी प्रतियोगिताएं बालिकाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और प्रतिस्पर्धात्मक बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी।

Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







