कटेसर में चाय विक्रेता ने फांसी लगाकर दी जान, घरेलू कलह बनी वजह
कटेसर गांव में युवक ने फांसी लगाकर दी जान
वाराणसी चौक क्षेत्र का निवासी था मृतक सूरज वर्मा
किराए के मकान में रह रहा था परिवार के साथ
पत्नी से विवाद बना तनाव का कारण
चंदौली जिले के मुगलसराय क्षेत्र के कटेसर गांव में गुरुवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब 32 वर्षीय युवक ने घरेलू विवाद से तंग आकर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान वाराणसी चौक क्षेत्र के पियरी निवासी सूरज वर्मा पुत्र स्व. भरत वर्मा के रूप में हुई है। सूरज पिछले कई महीनों से कटेसर गांव में किराए के मकान में पत्नी और बच्चों के साथ रह रहा था।
घरेलू विवाद से था तनावग्रस्त
ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार सूरज का अपनी पत्नी पूजा से अक्सर किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। लगभग दस वर्ष पूर्व दोनों का प्रेम विवाह हुआ था। उनके दो बच्चे एक बेटा और एक बेटी हैं। आठ माह पूर्व पिता के निधन के बाद सूरज ने वाराणसी बांसफाटक क्षेत्र में चाय-पान की दुकान खोलकर परिवार का भरण-पोषण शुरू किया था। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर पत्नी कुछ दिन पूर्व दोनों बच्चों के साथ मायके चली गई थी। इसी बात को लेकर सूरज तनाव में था।
देर रात किया आत्मघाती कदम
बताते चलें कि गुरुवार को दुकान बंद करने के बाद सूरज देर रात घर लौटा। उसी दौरान उसने पंखे के सहारे साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। देर रात पड़ोसियों को खिड़की खुली होने पर शक हुआ। जब उन्होंने अंदर झांका तो सूरज का शव फंदे से लटकता हुआ दिखाई दिया। तत्काल उन्होंने मकान मालिक को सूचना दी। मकान मालिक ने पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों में मचा कोहराम
घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी पूजा बच्चों के साथ कटेसर पहुंची। पति का शव देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आस-पड़ोस के लोग भी इस घटना से स्तब्ध रह गए। सूरज अपने परिवार का सबसे बड़ा बेटा था और अपने पिता के निधन के बाद से ही परिवार की जिम्मेदारी उसके कंधों पर थी।
पुलिस जांच में जुटी
जलीलपुर चौकी प्रभारी अभिषेक शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद और पारिवारिक तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






