जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चंदौली में ताराजीवनपुर पुलिस चौकी का वीडियो वायरल: सिपाही पर मारपीट का आरोप, पुलिस ने बताया निराधार

चंदौली की ताराजीवनपुर चौकी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें व्यक्ति ने सिपाही पर मारपीट और मोबाइल छीनने का आरोप लगाया है। वहीं अलीनगर थाना प्रभारी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

 

ताराजीवनपुर पुलिस चौकी का वीडियो वायरल

कबाड़ व्यापारी और महिला के बीच विवाद

सिपाही पर मारपीट और अभद्रता का आरोप

पुलिस ने आरोपों को बताया पूरी तरह गलत

चौकी परिसर में वीडियो बनाने पर हंगामा

 

 

चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में आने वाली ताराजीवनपुर पुलिस चौकी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक व्यक्ति पुलिस चौकी पर तैनात एक सिपाही पर मारपीट करने, गाली-गलौज करने और मोबाइल छीनने का गंभीर आरोप लगाता दिख रहा है। हालांकि, अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह से निराधार और झूठा बताया है।

 देखिये विडियो   http://https://youtube.com/shorts/rmk6Sdimd-0?si=G9dM4u9i50HDDVr5

जानिए क्या है पूरा मामला और विवाद की वजह
जानकारी के मुताबिक, ककहरी गांव की एक महिला ने चौकी पर तहरीर देकर आरोप लगाया था कि एक कबाड़ व्यापारी ने उसके पर्स से दो हजार रुपये निकाल लिए हैं। पुलिस जांच में जब आरोप सही नहीं पाए गए, तो गांव के प्रधान ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराकर समझौता कराया। तीन हजार रुपये देकर विवाद खत्म करने पर सहमति बनी और दोनों पक्षों को समझौते के लिए चौकी पहुंचना था।

 

वीडियो बनाने को लेकर चौकी पर बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि कबाड़ व्यापारी पक्ष के लोग सुबह ही चौकी पहुंच गए थे। वहां मौजूद सिपाही ने उन्हें विवाद न करने की सलाह दी। इसी बीच कबाड़ व्यापारी पक्ष का एक व्यक्ति चौकी परिसर के अंदर वीडियो बनाने लगा। सिपाही के बार-बार मना करने पर भी जब वह नहीं रुका, तो सिपाही ने उसका मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद वह व्यक्ति चौकी के बाहर आकर हंगामा करने लगा।

थाना प्रभारी निरीक्षक ने दी मामले पर सफाई
इस पूरे मामले पर अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह ने स्थिति साफ की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने किसी भी पक्ष को चौकी पर नहीं बुलाया था, दोनों पक्ष खुद वहां आए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सिपाही द्वारा मारपीट का आरोप पूरी तरह से गलत है। वह व्यक्ति सड़क पर आकर काफी देर तक नाटक करता रहा और पुलिस पर लगाए गए सारे आरोप बेबुनियाद हैं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*