अतिक्रमणकारियों के आगे घुटने देक देती है नगर पालिका व पुलिस, नेताओं का मिलता है संरक्षण

मुगलसराय में से छह जगह 8 फीट तक सिकुड़ गईं 3 सड़कें
रोज शहर में लगता है 4-5 घंटे तक का जाम
अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका ने नहीं चलाया गया कोई अभियान
चंदौली जिले के मुगलसराय की पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर पालिका क्षेत्र की तीन सड़कें छह जगह अतिक्रमण के कारण सिकुड़कर 8 फीट की हो गई हैं। इन सड़कों पर दुकानदारों ने अतिक्रमण कर लिया है। कई जगह आधी सड़क घेरकर दुकानें लगाई जा रही हैं। स्थिति यह है कि 20 फीट चौड़ी सड़क पर लोगों के आने-जाने के लिए मात्र 8 फीट रास्ता बचा है। अतिक्रमण के कारण मार्गों पर रोजाना 4 से 5 घंटे तक जाम लग रहा है।

चंदौली जिले में एकमात्र नगर पालिका परिषद पीडीडीयू नगर है। नगर पालिका क्षेत्र में दो लाख से ज्यादा आबादी निवास करती है। यहां देश का प्रमुख रेलवे स्टेशन पीडीडीयू जंक्शन भी है। इसकी वजह से रोजाना 20 हजार से ज्यादा बाहरी लोगों का आवागमन होता है। शहर होने के कारण यहां आसपास के करीब 40 से 60 गांवों के 15 से 20 हजार लोग खरीदारी करने आते हैं। यहां आने के बाद लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं। कभी-कभी तो इतना भीषण जाम लग जाता है कि एक दुकान से 100 मीटर दूर दूसरे दुकान पर पहुंचने में आधा से एक घंटे तक लग जाते हैं। इसका सबसे बड़ा कारण अतिक्रमण है। जिन स्थानों पर ज्यादा अतिक्रमण है, उसमें गल्ला मंडी, काली मंदिर मार्ग, जीटीआर ब्रिज, नई बस्ती, सब्जी मंडी और नई सट्टी कालीमहाल रोड शामिल है।
नगर पालिका प्रशासन की तरफ से लंबे समय से अतिक्रमण के खिलाफ भी अभियान भी नहीं चलाया गया है। पांच महीने पहले शासन के निर्देश पर अभियान तो चलाया गया था, लेकिन उसे बीच में ही बंद कर दिया गया। मुख्य जीटी रोड से गुजरे नई सट्टी-कालीमहाल मार्ग पर सबसे ज्यादा अतिक्रमण है। यहां सड़क की चौड़ाई 22 फीट से भी ज्यादा है, लेकिन दोनों तरफ सब्जी और अन्य वस्तुओं की दुकानें लगती हैं। लस्सी आदि की दुकान के आगे भी चार से पांच फीट तक टेबल और कुर्सी लगा दी गई है। आधी सड़क पर सब्जी के ठेले और दुकान के सामान बिखरे पड़े हैं। काली महाल और सहजौर जाने वाले इस मुख्य मार्ग पर दिन में रोज 5 घंटे जाम लगता है।
काली मंदिर मार्ग देश के प्रमुख रेलवे स्टेशन पीडीडीयू जंक्शन के मुख्य गेट पर जीटी रोड का यह प्रमुख स्थान है। यहां मंदिर होने की वजह से पहले से ही सड़क थोड़ी संकरी है, ऊपर से दूसरी लेन में 24 घंटे 50- 60 ऑटो, ई-रिक्शा और बड़े वाहन खड़े रहते हैं। इसकी वजह से लोगों के आने-जाने के लिए मात्र 8 से 10 फीट ही सड़क बच पाती है। फुटपाथ भी पूरी तरह से अतिक्रमण की जद में है। यहां समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर जुर्माना तक लगाया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसके चले लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।
इस सम्बंध में पीडीडीयू नगर पालिका परिषद के ईओ अविनाश कुमार ने बताया कि नगर में पांच महीने पहले अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया था। इधर अतिक्रमण फिर से बढ़ गया है। अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ होली बाद अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*