जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली में चलने वाले ई-रिक्शा और ऑटो का डेटा जुटा रही पुलिस, कुछ नया करने की तैयारी में चंदौली पुलिस ​​​​​​​

चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर में अपराध पर लगाम लगाने के साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ई-रिक्शा और ऑटो का डेटा जुटा रही है।
 

क्राइम कंट्रोल और यातायात व्यवस्था सुगम बनाने का प्लान

गिने जा रहे हैं चंदौली में चलने वाले  ई-रिक्शा और ऑटो

शहरों व कस्बों में जाम से निजात दिलाने की कोशिश

चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर में अपराध पर लगाम लगाने के साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ई-रिक्शा और ऑटो का डेटा जुटा रही है। पुलिस वाहन स्वामियों के बारे में जानकारी के साथ ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की फोटो, नाम, पता, मोबाइल फोन नंबर आदि भी जुटा रही है। 


पुलिस की तरफ से ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के रूट का ब्योरा भी जुटाया जा रहा है। सब कुछ तय रणनीति के अनुरूप हुआ तो अपराध नियंत्रण के साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी। अभी पड़ाव-पीडीडीयू नगर मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य पीडीडीयू नगर तक पहुंच चुका है। निर्माण कंपनी की ओर से जगह-जगह डायवर्जन किया गया है। इसके चलते अक्सर यातायात जाम की स्थिति पैदा हो जा रही है। सबसे ज्यादा जाम ऑटो और ई-रिक्शा के चलते लग रहा है। वहीं दूसरी तरफ जिले में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे भी संजीदा हैं। 


उन्होंने सभी ऑटो और ई-रिक्शा चालकों का नाम, मोबाइल फोन नंबर, फोटो आदि के साथ वाहन स्वामियों का ब्योरा एकत्र करने की जिम्मेदारी यातायात पुलिस को सौंपी है। निर्देशों के अनुरूप यातायात पुलिस ने ब्योरा जुटाना शुरू कर दिया है। ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के रूट का विवरण भी जुटाया जा रहा है। पूरा ब्योरा जुट जाने के बाद रूट का निर्धारण किया जाएगा। इसके बाद वाहनों पर नंबर भी लगेंगे, जिससे वाहन के बारे में जानकारी हो सकेगी। रूट निर्धारित होने से जाम की समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण होने की उम्मीद है। 


रूट निर्धारित होने पर ऑटो और ई-रिक्शा चालक मनमाने तरीके से कहीं भी न तो सवारी उतार सकेंगे और न ही बैठा सकेंगे। 


सीओ यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा का कहना है कि ऑटो और ई-रिक्शा चालकों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। इसके अलावा उनके रूट का भी ब्योरा भी जुटाया जा रहा है। इससे अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

                                                                                                                                                                           

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*