जीवनाथपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक ने बाइक सवार पुष्पेश मौर्य को 30 मीटर घसीटा, मौके पर ही मौत
चंदौली के औद्योगिक क्षेत्र जीवनाथपुर के पास एक दर्दनाक हादसे में बीज व्यवसायी पुष्पेश मौर्य की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक बाइक को करीब 30 मीटर तक घसीटता रहा। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
चंदौली के जीवनाथपुर बिजली उप केंद्र के पास हादसा
ट्रक ने बाइक सवार को 30 मीटर तक घसीटा
35 वर्षीय बीज व्यवसायी पुष्पेश मौर्य की मौत
चालक घटना के बाद ट्रक छोड़कर हुआ फरार
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा
चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र स्थित औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 में मंगलवार की दोपहर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। जीवनाथपुर बिजली उप केंद्र के समीप तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार 35 वर्षीय युवक पुष्पेश मौर्य की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक युवक और उसकी बाइक को करीब 30 मीटर तक सड़क पर घसीटता हुआ चला गया।

मासूम बच्ची का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक पुष्पेश मौर्य शहाबगंज थाना क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी चंद्रशेखर सिंह के पुत्र थे। पुष्पेश शहाबगंज में ही अपनी एक निजी बीज और कीटनाशक की दुकान चलाते थे। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे वे किसी काम से अपनी बाइक से निकले थे। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुष्पेश की पत्नी अंजली और उनकी इकलौती मासूम पुत्री आनवी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस खबर के बाद से गहरा शोक छा गया है।
पुलिस ने ट्रक को जब्त किया
हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक डर के मारे वाहन को मौके पर ही खड़ा करके फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर तत्काल पहुंची औद्योगिक नगर चौकी पुलिस ने मामले को संभाला। चौकी प्रभारी सूरज रावत ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








