रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 में सड़क, बिजली और पार्कों की समस्या होगी दूर, उद्योग बंधु की मीटिंग में फिर वही कहानी दोहरायी
चंदौली कलेक्ट्रेट में DM चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में उद्योग बंधु बैठक हुई। रामनगर औद्योगिक क्षेत्र की बिजली के तार, सड़क चौड़ीकरण और पार्कों में जलजमाव की समस्याओं पर DM ने संबंधित विभागों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु समिति की बैठक संपन्न
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने की रामनगर की समीक्षा
फेज-2 में बिजली तार नीचे होने से हादसे का डर
1.5 KM मार्ग चौड़ीकरण 1503.05 लाख से होगा
8 पार्कों की प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाकर काम के निर्देश
चंदौली जिले में औद्योगिक विकास को रफ्तार देने के लिए प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक हुई। इस बैठक में रामनगर औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं और वहां चल रहे विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। उद्यमियों ने अपनी परेशानियां रखीं, जिन पर डीएम ने तुरंत एक्शन के निर्देश दिए।
बिजली के लटकते तारों पर जताई चिंता
बैठक में सबसे बड़ा मुद्दा बिजली के तारों का रहा। उद्यमियों ने बताया कि रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 में सीसी रोड बनने से सड़क ऊंची हो गई है। सड़क ऊंची होने की वजह से बिजली के तार काफी नीचे आ गए हैं। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इस शिकायत पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम को निर्देश दिया कि वे यूपीसीडा के साथ समन्वय बनाकर इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान करें। तारों को ऊंचा किया जाए या शिफ्ट किया जाए।
1503 लाख से होगा मुख्य मार्ग का चौड़ीकरण
दूसरा बड़ा मुद्दा सड़क चौड़ीकरण का था। रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 के मुख्य मार्ग और अलीनगर-सिधीताली-जोगवा-नरायनपुर मार्ग के चौड़ीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही है। यह मार्ग करीब 1.5 किलोमीटर लंबा है और इसके लिए करीब 1503.05 लाख रुपये की लागत आएगी। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया कि वे शासन के साथ समन्वय कर इस प्रस्ताव की त्वरित स्वीकृति कराएं। सड़क चौड़ी होने से औद्योगिक क्षेत्र में मालवाहक वाहनों की आवाजाही आसान होगी और जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
पार्कों में जलजमाव और रखरखाव का मुद्दा
बैठक में औद्योगिक क्षेत्र के पार्कों में जलजमाव और रखरखाव का मुद्दा भी उठा। बरसात में पार्कों में पानी भर जाता है और देखरेख के अभाव में पार्क खराब हो रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने यूपीसीडा को निर्देश दिया कि 8 पार्कों की प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाई जाए। रिपोर्ट बनाकर समयबद्ध तरीके से पार्कों का सुंदरीकरण और जल निकासी का काम पूरा किया जाए।
समय पर निस्तारण शासन की प्राथमिकता
बैठक के दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि औद्योगिक विकास और उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण शासन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि रामनगर औद्योगिक क्षेत्र जिले का महत्वपूर्ण औद्योगिक हब है। यहां बिजली, सड़क और पार्कों से जुड़ी जो भी समस्याएं हैं, उन्हें संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर दूर करें। बिजली विभाग, पीडब्ल्यूडी और यूपीसीडा एक साथ मिलकर काम करें। उन्होंने सख्त निर्देश दिया कि अगली उद्योग बंधु बैठक से पहले सभी लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







