गंगा तट पर गरजा राफेल और तेजस: वाराणसी-चंदौली के एयर शो में वायुसेना के शौर्य को देख झूमे लोग
वाराणसी और चंदौली के गंगा घाटों पर भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो का समापन हुआ। राफेल, तेजस और अपाचे के रोमांचक करतब देख दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।
गंगा घाटों पर वायुसेना का भव्य एयर शो
राफेल और तेजस का हैरतअंगेज प्रदर्शन
नमो घाट पर उमड़ी भारी भीड़
सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम
चंदौली और वाराणसी के गंगा घाटों पर पहली बार भारतीय वायुसेना के पराक्रम का अनोखा नजारा देखने को मिला। राफेल, तेजस और अपाचे जैसे आधुनिक लड़ाकू विमानों व हेलीकॉप्टरों ने आसमान में गर्जना करते हुए अपनी अद्भुत रफ्तार का प्रदर्शन किया। हवा में कलाबाजियां खाते विमानों को देखकर वहां मौजूद लोग पूरी तरह रोमांचित हो गए। इस ऐतिहासिक पल को देखने के बाद लोगों ने भारतीय वायुसेना के शौर्य और जांबाज जवानों को दिल से सलाम किया।
विडियो देखें ......... वाराणसी-चंदौली के एयर शो में वायुसेना के शौर्य को देख झूमे लोग
दिल्ली जैसी एयर शो की झलक अब अपने शहर में
आसमान में एक साथ कई लड़ाकू विमानों की एंट्री होते ही पूरा गंगा तट तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। लोग कहने लगे कि जो नजारा वे हर साल 26 जनवरी को नई दिल्ली की टीवी स्क्रीन पर देखते थे, वह आज अपनी आंखों के सामने देखने को मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने सहयोगियों के साथ वाराणसी के नमो घाट पर मौजूद रहे, वहीं चंदौली के पड़ाव गंगा घाट पर भी दर्शकों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा।

राफेल, चिनूक और सूर्यकिरण टीम का जलवा
इस भव्य एयर शो में हेलीकॉप्टर बेड़े से चिनूक, अपाचे, कामोव-31 और एमआई-17 वी5 जैसे शक्तिशाली विमान शामिल हुए। वहीं लड़ाकू विमानों में सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000, राफेल, एलसीए तेजस, मिग-29 और जगुआर ने अपने करतबों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही सूर्यकिरण और सारंग टीम के हवाई प्रदर्शन ने पूरे कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। बच्चे और युवा इन लम्हों को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करते नजर आए।

वीआईपी दीर्घा में जनप्रतिनिधि और अधिकारियों के परिवार रहे मौजूद
चंदौली के पड़ाव स्थित गंगा घाट पर बनाई गई वीआईपी दीर्घा में स्थानीय विधायक और प्रशासनिक अधिकारी अपने परिजनों के साथ मौजूद रहे। मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, चकिया विधायक कैलाश आचार्य और भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने भी इस हवाई शो का आनंद लिया। अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों के परिजनों ने भी वायुसेना के शूरवीरों के साहसिक प्रदर्शन की खूब सराहना की और हर करतब पर तालियां बजाईं।
सुरक्षा और ट्रैफिक के रहे कड़े बंदोबस्त
एयर शो को देखने के लिए उमड़ी विशाल भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सुरक्षा के लिहाज से गंगा घाटों पर भारी पुलिस बल और जल पुलिस की मुस्तैदी बनी रही। दर्शकों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए प्रशासन ने पहले ही कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया था, जिससे यातायात सुचारू रूप से चलता रहा। तीन दिनों तक चला यह बहुप्रतीक्षित एयर शो रविवार को भव्य रूप से संपन्न हो गया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







