जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर पुलिस का चाबुक, एक दिन में 566 वाहनों का चालान कर वसूला भारी जुर्माना

चंदौली में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस ने महा-अभियान छेड़ दिया है। सड़कों पर अवैध पार्किंग करने और ड्रिंक एंड ड्राइव करने वाले 566 वाहनों पर पुलिस ने एक ही दिन में लाखों रुपये की बड़ी कार्रवाई की है।
 

चंदौली में यातायात विशेष चेकिंग अभियान

चंधासी कोयला मंडी में सख्त कार्रवाई

एक दिन में 566 वाहन चालान

नो पार्किंग में 324 वाहनों पर गाज

12 दिनों में 75 लाख जुर्माना

चंदौली जिले की कानून और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़, सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए उच्चाधिकारियों के कड़े निर्देशन में एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चंदौली पुलिस और यातायात विभाग की टीम द्वारा नेशनल हाईवे, आलमपुर और चंधासी कोयला मंडी सहित जिले के विभिन्न प्रमुख और व्यस्त मार्गों पर अवैध पार्किंग और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के विरुद्ध बेहद सख्त रुख अपनाया गया। सड़कों पर लापरवाही से आवागमन बाधित करने वाले और यातायात नियमों की धज्जियाँ उड़ाने वाले वाहन स्वामियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ विधिक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है।

एक ही दिन में 566 वाहनों का चालान और लाखों का जुर्माना
इस विशेष अभियान के अंतर्गत दिनांक 21.05.2026 को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 566 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की और कुल 9,35,000 रुपये का भारी जुर्माना अधिरोपित किया। चेकिंग के दौरान सड़कों को जाम करने वाली नो पार्किंग में खड़े 324 वाहनों के विरुद्ध चालान काटा गया, जबकि गंभीर अनियमितता पाए जाने पर 06 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। इसके अलावा, दोपहिया वाहनों पर बिना हेलमेट यात्रा करने वाले कुल 85 लोगों के भी चालान काटे गए। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।

12 दिनों में वसूला 75 लाख से अधिक का जुर्माना
चंदौली पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, यह अभियान पिछले कई दिनों से लगातार सक्रिय है। विगत 12 दिवस के भीतर पुलिस ने कुल 4,194 वाहनों के विरुद्ध चालान की बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 75 लाख 71 हजार रूपये का भारी-भरकम जुर्माना अधिरोपित किया है।

ड्रिंक एंड ड्राइव पर ब्रेथ एनलाइजर से जांच 
सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस टीम द्वारा नेशनल हाईवे पर ब्रेथ एनलाइजर मशीन के माध्यम से शराब पीकर वाहन चलाने वालों की सघन जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 01 वाहन चालक के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की गई। कार्रवाई करने के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने, मादक पदार्थों व शराब का सेवन कर वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों के उल्लंघन से होने वाली जानलेवा दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक भी किया।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*