जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

सार्वजनिक अवकाश की मांग को लेकर विश्वकर्मा समाज का सामूहिक मुंडन

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने भगवान विश्वकर्मा के जीवन चरित्र को शिक्षण संस्थानों में शामिल करने का वादा किया था, लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया गया।
 

ऑल इंडिया यूनाइटेड विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा का आयोजन

सामूहिक मुंडन कर जताई नाराजगी

सार्वजनिक अवकाश की मांग को लेकर आंदोलन तेज

आंदोलन जारी रखने की दी चेतावनी

चंदौली जिले के पड़ाव क्षेत्र के अवधूत भगवान राम घाट पर रविवार को ऑल इंडिया यूनाइटेड विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार विश्वकर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों और समाज के लोगों ने सामूहिक मुंडन कराकर सरकार के प्रति नाराजगी जताई। उनकी मुख्य मांग रही कि 17 सितंबर, विश्वकर्मा पूजा के दिन को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए।

अशोक कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को देशभर में सभी जाति, वर्ग और समुदाय के लोग आस्था के साथ पूजते हैं। कल-कारखानों और मशीनरी से जुड़े लोग इस दिन विशेष रूप से पूजा करते हैं। ऐसे में यह पर्व समाज की सामाजिक पहचान और अस्तित्व का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने भगवान विश्वकर्मा के जीवन चरित्र को शिक्षण संस्थानों में शामिल करने का वादा किया था, लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि देश में अनेक देवी-देवताओं, संत-महात्माओं और महापुरुषों के नाम पर अवकाश घोषित हैं, लेकिन सृष्टि के रचयिता देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा के पर्व पर अवकाश न होना समाज का अपमान है। महासभा के नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक विश्वकर्मा पूजा पर सार्वजनिक अवकाश घोषित नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष चंदन विश्वकर्मा, डॉ. अरविंद गांधी विश्वकर्मा, डॉ. प्रमोद कुमार विश्वकर्मा, नंदलाल विश्वकर्मा, सुरेश विश्वकर्मा एडवोकेट, भैरव विश्वकर्मा, लोचन विश्वकर्मा और अरविंद विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*