जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

व्यासनगर स्टेशन वाली सड़क को भी बनवा दीजिए विधायक जी.., राहगीरों को रही है परेशानी

इस मार्ग से स्कूली बच्चों से लेकर कई गांवों के लोग प्रतिदिन गुजरते हैं, लेकिन गड्ढों और पानी की वजह से दोपहिया वाहन चालक आए दिन गिरकर घायल हो रहे हैं।
 

व्यासनगर स्टेशन मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढे

बरसात में पानी जमा होने से बिगड़े हालात

दोपहिया वाहन चालक आए दिन हो रहे घायल

चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर के दुलहीपुर क्षेत्र के करवत से मुहम्मदपुर गांव होते हुए व्यासनगर स्टेशन तक जाने वाला मुख्य मार्ग आज जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों में बरसात का पानी भर जाने से राहगीरों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग से स्कूली बच्चों से लेकर कई गांवों के लोग प्रतिदिन गुजरते हैं, लेकिन गड्ढों और पानी की वजह से दोपहिया वाहन चालक आए दिन गिरकर घायल हो रहे हैं।

आपको बता दें कि यह मार्ग करवत, मुहम्मदपुर, बगही, रसूलपुर, रेलवे कॉलोनी, धोबियापुरा, पुरैनी, भुजहुआ और चांदीतारा जैसे गांवों के हजारों लोगों के लिए जीवनरेखा है। वहीं दुलहीपुर, भिसौड़ी, डांडी और सीतापुर गांव के लोग भी प्रतिदिन इसी मार्ग का उपयोग करते हैं, क्योंकि इस रास्ते से नेशनल हाईवे तक पहुंचना आसान हो जाता है।

ग्रामीणों का कहना है कि लगभग छह महीने पूर्व पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से करवत से साहूपुरी मार्ग की मरम्मत का शिलान्यास किया गया था। प्रारंभिक चरण में विभाग द्वारा खुदाई का काम तो शुरू किया गया, लेकिन उसके बाद न तो गिट्टी डाली गई और न ही पैचिंग का कार्य किया गया। परिणामस्वरूप सड़क अधूरी पड़ी रह गई और बरसात के मौसम में हालात और बिगड़ गए।

व्यासनगर रैंक पॉइंट होने की वजह से इस मार्ग पर रोज सैकड़ों गाड़ियों का आवागमन होता है। लगातार दबाव और पानी जमने के कारण सड़क पर गड्ढे और गहरे होते जा रहे हैं। राहगीरों का कहना है कि सड़क पर बिखरी गिट्टियों में फंसकर बाइक सवार बार-बार दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पीडब्ल्यूडी विभाग शीघ्र ही सड़क मरम्मत का कार्य पूरा करे, ताकि आमजन और विद्यार्थियों को सुरक्षित व सुगम यातायात की सुविधा मिल सके।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*