जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चन्दौली में सनसनीखेज हत्याकांड: पत्नी ने ही रची पति की मौत की साजिश, प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर रेता गला, 3 गिरफ्तार

चन्दौली के अलीनगर में प्रेम प्रसंग में बाधक बन रहे पति की पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को दबोच लिया है। पूरी कहानी पढ़ने के लिए क्लिक करें।

 
 

प्रेम प्रसंग में बाधक बने पति की बेरहमी से हत्या

जमीन दिखाने के बहाने बुलाकर रेता गला

अलीनगर पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा

बिहार भागने की फिराक में थे हत्यारे आरोपी

खून से सना चाकू और स्प्लेंडर बाइक बरामद

 चन्दौली जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के थाना अलीनगर इलाके में एक पत्नी ने अपने प्रेम प्रसंग में रोड़ा बन रहे पति को हमेशा के लिए रास्ते से हटा दिया। महिला ने अपने प्रेमी और उसके एक दोस्त के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, अलीनगर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर इस अंधे कत्ल का सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी और मददगार साथी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

wife-murder-husband-with-lover-alinagar

नहर के पास मिला था अज्ञात शव
यह पूरी घटना तब सामने आई जब 25 जून 2026 को महेवा ग्राम के रहने वाले धर्मानन्द यादव ने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि एनएच-19 हाईवे बिलारीडीह अंडरपास के पास महेवा गौरी माइनर नहर की पुलिया के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। उसका गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था। सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने तुरंत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।

सोशल मीडिया से हुई मृतक की पहचान
इसके बाद सोशल मीडिया पर जब शव की तस्वीरें वायरल हुईं, तो महादेवपुर (मुगलसराय) के रहने वाले रमेश जिला अस्पताल के मर्चरी हाउस पहुंचे। वहां उन्होंने शव की पहचान अपने 40 वर्षीय छोटे भाई राजेश कुमार के रूप में की। रमेश ने पुलिस को बताया कि राजेश की पत्नी उर्मिला देवी का गांव के ही राहुल शर्मा नाम के युवक से अवैध संबंध था। राजेश इसका विरोध करता था, इसी वजह से उर्मिला ने राहुल और उसके दोस्त विनोद पाल के साथ मिलकर राजेश की हत्या की साजिश रच डाली।

शराब पिलाकर रेता गला, ऐसे दी मौत
पुलिस पूछताछ में जो कहानी सामने आई वह बेहद चौंकाने वाली है। 24 जून को उर्मिला ने अपने पति राजेश को जमीन खरीदने के बहाने प्रेमी राहुल (जितेन्द्र शर्मा) के साथ भेजा। राहुल पहले से ही अपनी बाइक की सीट के नीचे धारदार चाकू छिपाकर लाया था। दिनभर घूमने के बाद चकिया तिराहे पर राजेश ने शराब पी। देर शाम जब वे महेवा नहर के पास पहुंचे, तो राजेश अत्यधिक नशे में हो गया। इसका फायदा उठाकर विनोद पाल ने राजेश को दबोच लिया और राहुल ने चाकू से उसका गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद शव को छुपाने के लिए नहर में फेंक दिया।

प्रेमी को मिला था 10 हजार का लालच
पकड़े गए मुख्य आरोपी जितेन्द्र शर्मा उर्फ राहुल ने पुलिस को बताया कि उसका मृतक के घर सालों से आना-जाना था। इसी बीच उर्मिला से उसके संबंध बन गए। जब पति राजेश को पता चला तो घर में झगड़ा होने लगा। उर्मिला ने पति को रास्ते से हटाने के लिए राहुल पर दबाव बनाया और बदले में 10,000 रुपये देने का लालच भी दिया। राहुल ने इस काम में अपने दोस्त विनोद पाल को भी शामिल कर लिया और योजना के तहत हत्या कर दी।

बिहार भागने की फिराक में थे आरोपी, घेराबंदी कर दबोचा
घटना के बाद जब मामला सोशल मीडिया पर छा गया, तो आरोपी डर गए। वे खून से सने कपड़े और चाकू को नष्ट करने के लिए बाइक से बिहार भागने की फिराक में थे। इसी बीच अलीनगर थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ल और उनकी टीम को मुखबिर से सूचना मिली। पुलिस ने रेवसा अंडरपास के पास चेकिंग लगा दी। वाराणसी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार सुपर स्प्लेंडर बाइक को जब पुलिस ने रोकने का इशारा किया, तो वे भागने लगे। भागने की कोशिश में बाइक गिर गई और पुलिस ने घेराबंदी कर जितेन्द्र और विनोद को दबोच लिया। बाद में आरोपी पत्नी उर्मिला को भी उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।

खून से सना चाकू और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना हुआ धारदार नुकीला चाकू बरामद कर लिया है। इसके अलावा घटना के वक्त पहने गए खून से लथपथ कपड़े (एक काली शर्ट और नीली जींस), घटना में इस्तेमाल हुई सुपर स्प्लेंडर बाइक (UP65BY1092), दो मोबाइल फोन (सैमसंग व वन प्लस) और 870 रुपये नगद बरामद किए गए हैं। इस बड़ी कामयाबी को हासिल करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ल, सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार यादव, आशुतोष कुमार गुप्ता और सर्विलांस टीम के जांबाज शामिल रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*