कैंसर पीड़िता को कुचल कर भाग गयी PAC की बस, इलाज करवा कर लौट रही थी अपने घर
मुगलसराय जीटी रोड पर दर्दनाक सड़क दुर्घटना
तेज रफ्तार PAC बस से कुचलने से मौत
पुलिस ने बस और चालक को लिया हिरासत में
घटना के बाद परिजनों में मचा कोहराम
चंदौली जनपद के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मलोखर गांव के पास बुधवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में कैंसर पीड़िता महिला की जान चली गई। महिला वाराणसी से इलाज कराकर अपने पति के साथ बाइक से घर लौट रही थी, तभी जीटी रोड पर तेज रफ्तार पीएसी की बस से कुचलकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आपको बता दें कि मृतका की पहचान महड़ौरा गांव निवासी 28 वर्षीय रेनू देवी के रूप में हुई है। रेनू काफी समय से कैंसर से पीड़ित थी और वाराणसी के लहतारा स्थित कैंसर अस्पताल से उसका इलाज चल रहा था। बुधवार को उसके पति संतोष कुमार इलाज के सिलसिले में उसे लेकर वाराणसी गया था। दवा लेने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे।
कैंसर की दवा लेकर घर जा रही थी रेनू, रास्ते में PAC की गाड़ी ने कुचल कर मारा@chandaulipolice pic.twitter.com/MWnKIfXmTz
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) July 31, 2025
बताते चलें कि शाम लगभग 4 बजे जब दोनों मलोखर जीटी रोड के पास पहुंचे उसी समय रामनगर की ओर जा रही पीएसी जवानों से भरी दो बसें वहां से गुजर रही थीं। बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक बस की चपेट में रेनू देवी आ गई और सड़क पर गिरने के बाद पहिए के नीचे कुचल गई।
स्थानीय पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर महिला को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भिजवाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
इस संबंध में सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी में रखवाया गया है। हादसे में शामिल बस और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पीड़ित परिवार की तहरीर पर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






