सूदखोरों के आतंक से बिका घर, पुलिस ने भी दुत्कारा! सोशल मीडिया पर रो-रोकर महिला ने बयां किया दर्द
चंदौली के मुगलसराय क्षेत्र में सूदखोरों के उत्पीड़न से तंग आकर एक महिला को अपना मकान बेचना पड़ा। पुलिस से मदद न मिलने पर पीड़िता ने सोशल मीडिया पर रोते हुए वीडियो शेयर कर न्याय की गुहार लगाई है, जिसके बाद हड़कंप मच गया है।
सूदखोरों के उत्पीड़न से बिका मकान
मूलधन से तीन गुना वसूला पैसा
पीड़ित महिला का वीडियो हुआ वायरल
मुगलसराय पुलिस पर भी गंभीर आरोप
सीओ डीडीयू नगर ने दिए जांच के आदेश
चंदौली जिले के मुगलसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत दुल्हीपुर गांव से एक बेहद दर्दनाक और व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ रहने वाली सीमा देवी नाम की महिला ने सूदखोरों के कथित उत्पीड़न और स्थानीय पुलिस की संवेदनहीनता से परेशान होकर सोशल मीडिया का सहारा लिया है। महिला का रो-रोकर अपनी आपबीती सुनाते हुए एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कौन बचाएगा सूदखोरों के आतंक से
— Vijay Kumar Tiwari (@vijayku49133779) July 16, 2026
मुगलसराय पुलिस भी नहीं कर रही है मदद
ऐसे रो-रो कर दर्द बयां कर रही महिला@chandaulipolice @Uppolice @adgzonevaranasi @IgRangeVaranasi pic.twitter.com/AS5X9hMDLu
तीन गुना रकम देने के बाद भी बिका मकान
पीड़िता सीमा देवी ने बताया कि उन्होंने अपनी मजबूरी के वक्त एक स्थानीय व्यक्ति से ब्याज पर कुछ पैसे उधार लिए थे। महिला का आरोप है कि वह अब तक मूलधन की तुलना में लगभग तीन गुना ज्यादा मोटी रकम वापस कर चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद सूदखोरों का पेट नहीं भरा। कर्ज का यह अंतहीन जाल इतना बढ़ गया कि सूदखोरों के लगातार बढ़ते मानसिक दबाव और धमकियों के चलते अंत में लाचार होकर महिला को अपना रहने का मकान तक बेचना पड़ा।
मदद करने के बजाय पुलिस ने ही डांटा
पीड़ित महिला का दर्द सिर्फ सूदखोरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने मुगलसराय पुलिस पर भी बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। सीमा देवी का कहना है कि जब वह थक-हारकर सुरक्षा और न्याय की आस में थाने पहुंचीं, तो पुलिस ने उनकी फरियाद सुनने के बजाय उन्हें ही डांट-फटकार दिया। पुलिसकर्मियों ने उलटे महिला को ही ज्ञान देते हुए कर्ज चुकाने की नसीहत देकर थाने से भगा दिया।
वीडियो वायरल होने पर हरकत में आया प्रशासन
मामला जब सोशल मीडिया के जरिए आला अधिकारियों तक पहुंचा, तो पुलिस महकमे में खलबली मच गई। इस प्रकरण पर संज्ञान लेते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) डीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है। पुलिस टीम भेजकर महिला का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिया कि पीड़िता की शिकायत की पूरी निष्पक्षता से जांच कराई जाएगी और यदि अवैध वसूली या अवैध सूदखोरी का मामला सच पाया जाता है, तो आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








