विश्व पर्यावरण दिवस 2025: डीडीयू मंडल का प्लास्टिक प्रदूषण समाप्ति अभियान

प्लास्टिक से मुक्ति के लिए डीडीयू मंडल में चलाया जाएगा 22 मई से 5 जून तक अभियान
रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए 'अपनी बोतल साथ लाएं' पहल
स्टील व पुनर्चक्रण योग्य उत्पादों के प्रयोग को मिलेगा बढ़ावा
चंदौली जिले के पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के उपलक्ष्य में 22 मई से 5 जून तक "प्लास्टिक प्रदूषण समाप्त करें" थीम पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य एकल-उपयोग प्लास्टिक का उन्मूलन, पुनर्चक्रण को प्रोत्साहन और पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता फैलाना है।

आपको बता दें कि 22-24 मई के बीच रेलवे स्टेशनों पर स्टील व पुनर्चक्रण योग्य बोतलों और लंचबॉक्स के प्रयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा। यात्रियों के लिए “अपनी बोतल साथ लाएं” अभियान तथा कर्मचारियों के लिए कार्यशालाएं आयोजित होंगी।
25-27 मई को सफाई अभियान, कचरा पृथक्करण डिब्बों की स्थापना और IRCTC द्वारा बायोडिग्रेडेबल कटलरी को बढ़ावा दिया जाएगा। स्थानीय समुदाय और NGO की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।

28-30 मई को प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों की स्थिति की समीक्षा, विक्रेताओं की निगरानी, पानी रिफिल पॉइंट्स का निरीक्षण और नुक्कड़ नाटक का आयोजन होगा। साथ ही पीए सिस्टम द्वारा जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे।
31 मई से 2 जून तक प्रभात फेरी, चित्रकला, निबंध, क्विज़ प्रतियोगिताएं, पार्कों का रखरखाव, बायो-टॉयलेट्स की निगरानी और डिजिटल टिकटिंग के प्रचार जैसी गतिविधियां होंगी।
3-4 जून को जल संरक्षण पर ध्यान केंद्रित करते हुए वर्षा जल संचयन, जल निकायों की सफाई और स्कूली बच्चों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
5 जून को समापन समारोह में उपलब्धियों का प्रदर्शन, योगदानकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। डीडीयू मंडल सभी नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील करता है, ताकि स्वच्छ व सतत भविष्य की दिशा में सार्थक कदम उठाए जा सकें।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*