चंदौली में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, पारिवारिक विवाद से जुड़ा मामला
संदिग्ध परिस्थितियों में युवक ने फांसी लगाकर दी जान
पत्नी दो दिन पहले झगड़ा कर चली गई थी मायके
सूचना पर पहुंची अलीनगर पुलिस
चंदौली जिले अलीनगर थाना क्षेत्र के बरहुली गांव में शनिवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की पहचान किशन गिरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसने अपने घर के कमरे में पंखे से गमचे के सहारे फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और इसकी जानकारी पुलिस को दी।
जानकारी के अनुसार, किशन गिरी का दो दिन पूर्व किसी बात को लेकर अपनी पत्नी से विवाद हो गया था। झगड़े के बाद पत्नी मायके चली गई थी। इसी तनाव के बीच शनिवार की सुबह किशन ने कमरे का दरवाजा बंद कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी पड़ोसियों को होने पर उन्होंने पुलिस को सूचित किया।
सूचना पर पहुंचे अलीनगर थाना प्रभारी अनिल पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार का आपराधिक पहलू सामने आता है तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि पारिवारिक विवाद के चलते युवक ने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







