जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

मौत का जाल बना भैसौड़ा रपटा, रोज हादसों से खून से लाल हो रहा नौगढ़ का रास्ता

पिछले वर्ष हुई भारी बारिश में रपटा का कुछ हिस्सा टूटा था, लेकिन इस बार की बारिश में यह पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बावजूद विभाग ने अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया।
 

नौगढ़ में भैसौड़ा रपटा पर रोज पलट रही है बाइक

कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई मरम्मत

पीडब्ल्यूडी विभाग की लापरवाही से बढ़ रहे हादसे

ग्रामीणों ने चेताया – जल्द कार्रवाई न हुई तो करेंगे आंदोलन

चंदौली जिले के तहसील नौगढ़ में चकरघटृटा थाना क्षेत्र के रिठिया -बरवाडीह मुख्य मार्ग पर भैसौड़ा छलका का रपटा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। बरसात में दरक चुके इस रपटे पर रोजाना साइकिल और मोटरसाइकिल सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। सुबह शाम लोगों को अस्पताल का रास्ता पकड़ना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह रपटा अब मार्ग नहीं बल्कि मौत का जाल बन गया है, फिर भी जिम्मेदार विभाग खामोश है।

आपको बता दें कि जर्जर रपटा के निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने कई बार संपूर्ण समाधान दिवस, मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अधिकारी बिना मरम्मत कराए ही फर्जी निस्तारण कर दे रहे हैं। पिछले वर्ष हुई भारी बारिश में रपटा का कुछ हिस्सा टूटा था, लेकिन इस बार की बारिश में यह पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बावजूद विभाग ने अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद हर बार केवल आश्वासन मिला, मगर जमीनी स्तर पर कुछ भी नहीं हुआ। उनका सवाल है कि क्या जिलाधिकारी साहब किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही जागेंगे?

बेलगाम पीडब्ल्यूडी विभाग के इंजीनियर, बढ़ रहे हादसे

रिठिया चकरघटृटा मार्ग पर लगातार बढ़ रहे हादसे से आक्रोशित लोगों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी विभाग बेलगाम और मनमाना हो गया है। रोज़ मोटरसाइकिल पलट रही हैं, रिक्शा गड्ढों में फंसकर पलट रहे हैं, लोग खून से लथपथ अस्पताल पहुंच रहे हैं।

आपको बता दें कि हर दिन चकरघटृटा थाना क्षेत्र के बरवाडीह, बरबसपुर, बजरडीहा, नौबादी, गढ़वा, परसिया, परसहवां, लक्ष्मणपुर, महादेवपुर, रहमानपुर, गंगापुर, चकरघट्टा, भैसौड़ा समेत कई गांवों के लोगों का आवागमन इसी मार्ग से होता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यही हाल रहा तो यह मार्ग कभी भी बड़ा हादसा करा सकता है।

पंचायत भैंसौडा़ ,परसिया और गंगापुर के रहने वाले ग्रामीण सद्दाम, राकेश कुमार, अरुण सिंह, पुरुषोत्तम राय, लाल मुहम्मद, द्वारिका मोदनवाल और संजय कुमार का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। हर साल बरसात के बाद शिकायत की जाती है लेकिन विभाग सुनवाई नहीं करता। ग्रामीणों का साफ आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही से रोज खून बह रहा है, कब तक हादसों का शिकार बनेंगे हम। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे सड़क जाम आंदोलन करेंगे।

एसडीएम विकास मित्तल बोले 

उपजिलाधिकारी विकास मित्तल ने चंदौली समाचार को बताया कि मामले की जानकारी पहले नहीं थी। अब पीडब्ल्यूडी विभाग के इंजीनियरों को मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं और जिलाधिकारी को भी पत्र लिखेंगे। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि यह भी सिर्फ एक औपचारिकता है, क्योंकि महीनों से शिकायतों के बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*