परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन, सनसिटी और बेंगलुरु पब्लिक स्कूल की गाड़ियां सीज, स्कूली गाड़ियों की चेकिंग जारी
चंदौली जिले में परिवहन विभाग ने दो दिवसीय विशेष अभियान के तहत स्कूली वाहनों की गहन जांच की। मानकों की अनदेखी करने पर नौगढ़ स्थित दो प्रमुख स्कूलों की आधी दर्जन से अधिक गाड़ियों का चालान कर उन्हें सीज कर दिया गया।
चंदौली में स्कूली वाहनों की चेकिंग
आधा दर्जन से ज्यादा गाड़ियां सीज
नौगढ़ थाने भेजे गए सीज वाहन
पुरानी ओमनी और मार्शल पर कार्रवाई
बच्चों की सुरक्षा के लिए अभियान
चंदौली जिले में परिवहन विभाग ने स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए दो दिनों का विशेष जांच अभियान चलाया। शनिवार सुबह जैसे ही विभाग की टीम सड़कों पर उतरी और विभिन्न स्कूलों से जुड़े वाहनों की पड़ताल शुरू की, स्कूल संचालकों और वाहन चालकों के बीच हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान आधा दर्जन से अधिक वाहनों को सीज करने के साथ-साथ उनका चालान भी काटा गया।

सनसिटी और बेंगलुरु पब्लिक स्कूल के वाहनों की हुई जांच
परिवहन विभाग की टीम ने नौगढ़ क्षेत्र में स्थित सनसिटी पब्लिक स्कूल और बेंगलुरु पब्लिक स्कूल समेत कई अन्य शिक्षण संस्थानों की गाड़ियों को रोककर जांच की। इस दौरान अधिकारियों ने वाहनों के फिटनेस सर्टिफिकेट, इंश्योरेंस, रजिस्ट्रेशन डॉक्यूमेंट्स, सुरक्षा इंतजामों और गाड़ियों की तकनीकी स्थिति को बारीकी से देखा। साथ ही यह भी परखा गया कि गाड़ियां स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने के तय सरकारी मानकों पर खरी उतर रही हैं या नहीं।
पुरानी ओमनी वैन और मार्शल जैसी गाड़ियां मिलीं खटारा
जांच के दौरान कई पुरानी ओमनी वैन और पुरानी मार्शल जैसी गाड़ियां भी अधिकारियों की नजर में आईं। चेकिंग में पाया गया कि इनमें से कई वाहनों में सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नदारद थे और कागजात भी अधूरे थे। मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने बिना किसी ढिलाई के सख्त रुख अपनाया और गाड़ियों पर वैधानिक कार्रवाई की।
सीज कर नौगढ़ थाने भेजे गए वाहन
कार्रवाई की जानकारी देते हुए परिवहन विभाग की यात्री कर अधिकारी (पीटीओ) अनिता वर्मा ने बताया कि सनसिटी पब्लिक स्कूल और बेंगलुरु पब्लिक स्कूल से संबद्ध सभी दोषी वाहनों का चालान काटकर उन्हें सीज कर दिया गया है। सीज किए गए सभी वाहनों को सुरक्षित कस्टडी के लिए नौगढ़ थाने भेज दिया गया है।
स्थानीय लोगों ने नियमित जांच की उठाई मांग
परिवहन विभाग के इस सख्त कदम का स्थानीय अभिभावकों और नागरिकों ने स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि नौनिहालों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले वाहन स्वामियों पर ऐसे ही लगातार कार्रवाई होनी चाहिए। ग्रामीणों ने मांग की है कि स्कूली वाहनों की समय-समय पर नियमित जांच होती रहनी चाहिए, ताकि बच्चे सुरक्षित तरीके से स्कूल आ-जा सकें।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







