नौगढ़ में हो गया ‘बाल वाटिका’ का शुभारंभ, अब गांव में ही नन्हे बच्चों को मिलेगी प्री-प्राइमरी शिक्षा
स्वतंत्रता दिवस पर प्राथमिक विद्यालय में हुई नई पहल की शुरुआत
सीडीपीओ सरोज रानी ने फहराया तिरंगा और किया उद्घाटन
3 से 6 वर्ष तक के बच्चों को मिलेगी निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
चंदौली जिले में तहसील नौगढ़ के प्राथमिक विद्यालय सत्यनारायणपुर में स्वतंत्रता दिवस के दिन ‘बाल वाटिका’ की शुरुआत की गई। इस योजना के तहत 3 से 6 वर्ष तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों को गांव में ही निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण प्री-प्राइमरी शिक्षा दी जाएगी। उद्घाटन के मौके पर बच्चों की गूंजती आवाज “वंदे मातरम” ने माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
इस मौके पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सीडीपीओ सरोज रानी ने ध्वजारोहण कर ‘बाल वाटिका’ का उद्घाटन किया। तिरंगे की शान बढ़ाने के बाद बच्चों को मिष्ठान वितरित किया गया, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
सीडीपीओ ने कहा कि बाल वाटिका के माध्यम से बच्चों की भाषा, सामाजिक व्यवहार, संज्ञानात्मक विकास और रचनात्मक सोच को शुरू से ही मजबूत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यहां बच्चों को कहानियों, खेल-कूद, चित्रकला और गीत-संगीत के जरिए शिक्षा दी जाएगी, ताकि पढ़ाई उन्हें बोझ न लगे बल्कि आनंददायक हो।

ग्रामीण बच्चों को मिलेगा बड़ा लाभ
सीडीपीओ सरोज रानी ने चंदौली समाचार को आगे बताया कि बाल वाटिका के शिक्षक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और मानसिक विकास पर भी विशेष ध्यान देंगे। रोजाना बच्चों को पौष्टिक नाश्ता दिया जाएगा और उनकी गतिविधियों का रिकॉर्ड रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल में यह पहल इसलिए खास है क्योंकि इससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा और छोटे बच्चे शहर गए बिना ही गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।
गांव के लोग भी रहे शामिल
कार्यक्रम में ARP अशोक कुमार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चंद्रावती देवी, सहायिका निर्मला देवी, शिक्षामित्र बबीता देवी और नंदकिशोर सिंह समेत गांव के सभ्रांत लोग भी मौजूद रहे। सभी ने इस नई शुरुआत का स्वागत किया और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








