जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

टॉफी खरीदने गई 9 साल की बच्ची को दुकान के अंदर खींच रहा था दुकानदार, मासूम ने बमुश्किल बचाई जान

चंदौली के चकरघट्टा थाना क्षेत्र में दुकान पर टॉफी-बिस्कुट लेने गई कक्षा 4 की छात्रा से दुकानदार ने छेड़खानी की। मासूम के चंगुल से भागने और परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया है।
 

नौ साल की मासूम से छेड़छाड़

चकरघट्टा थाना पुलिस का त्वरित एक्शन

टॉफी खरीदने दुकान पर गई थी बच्ची

आरोपी दुकानदार को पुलिस ने किया गिरफ्तार

पीड़िता का कराया जाएगा मेडिकल परीक्षण

चंदौली जिले की नौगढ़ तहसील के अंतर्गत आने वाले चकरघट्टा थाना क्षेत्र के एक गांव से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां गांव की ही एक दुकान पर सामान खरीदने गई महज नौ साल की मासूम बच्ची के साथ दुकानदार द्वारा कथित रूप से छेड़छाड़ की गई। आरोप है कि वह मासूम को बहला-फुसलाकर और जबरन खींचकर दुकान के अंदर ले जाने का प्रयास कर रहा था, जिससे इलाके के लोगों में भारी आक्रोश है।

चंगुल से छूटकर भागी मासूम, मां को सुनाई आपबीती
पीड़ित मासूम की मां ने चकरघट्टा थाना पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी नौ वर्षीय बेटी, जो स्थानीय स्कूल में कक्षा चार की छात्रा है, शाम के समय घर से पैसे लेकर गांव की ही एक दुकान पर टॉफी और बिस्कुट खरीदने के लिए गई हुई थी। सहमी हुई बच्ची ने घर लौटकर बताया कि जब वह सामान ले रही थी, तभी दुकानदार ने नीच हरकत करते हुए उसे अंदर खींचने की कोशिश की। बच्ची ने पूरी हिम्मत दिखाते हुए विरोध किया और किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर वहां से जान बचाकर भाग निकली।

रोते हुए घर पहुंची पीड़िता, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
इस डरावनी और शर्मनाक घटना के बाद पीड़ित बच्ची रोते-बिलखते हुए अपने घर पहुंची और मां को पूरी आपबीती बताई। मासूम बेटी की बातें सुनकर माता-पिता और परिजन पूरी तरह स्तब्ध रह गए। इसके बाद बिना देर किए परिवार के लोग सीधे चकरघट्टा थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए तत्काल सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली।

 आरोपी दुकानदार गिरफ्तार
चकरघट्टा थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया था। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए देर रात ही आरोपी दुकानदार को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष ने आगे बताया कि नियमानुसार पीड़ित बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा और पुलिस टीम मामले की गहनता से जांच में जुटी है, जिसके आधार पर कोर्ट में सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*