"फिर आऊंगा..." कहकर बिहार बॉर्डर तक कड़क अंदाज़ में पहुंचे DFO, नौगढ़ वन प्रभाग में मचा हड़कंप
नौगढ़ वन प्रभाग में मानसून से पहले पौधारोपण अभियान को लेकर डीएफओ बी. शिवशंकर ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। बिहार सीमा तक औचक निरीक्षण कर उन्होंने साफ लहजे में चेतावनी दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी, मैं फिर आऊंगा।
बिहार बॉर्डर पहुंचे डीएफओ बी. शिवशंकर
पौधारोपण अभियान की परखी जमीनी हकीकत
नर्सरी में पौधों की सेहत जांची
लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी
वन कर्मियों को कहा— मैं फिर आऊंगा
आगामी मानसून सत्र की शुरुआत से पहले वन विभाग के व्यापक पौधारोपण अभियान की तैयारियों को लेकर नौगढ़ वन प्रभाग में अचानक सरगर्मी तेज हो गई है। प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) बी. शिवशंकर ने खुद मैदानी स्तर पर उतरकर मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने न केवल अग्रिम मृदा कार्यों की जमीनी गुणवत्ता को परखा, बल्कि नर्सरियों में तैयार हो रहे छोटे पौधों की सेहत का भी बारीकी से जायजा लिया।
सुरक्षा खाइयों से लेकर गड्ढों की हुई पड़ताल
डीएफओ ने नौगढ़ क्षेत्र में पौधारोपण की पूर्व तैयारियों के तहत कराए जा रहे विभिन्न अग्रिम मृदा कार्यों का गहन भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान उन्होंने बोना नाली, पौधों के लिए खोदे गए गड्ढों और सुरक्षा खाइयों की गहराई व खुदाई का निरीक्षण कर उनकी तकनीकी गुणवत्ता को जांचा। उन्होंने क्षेत्रीय वनाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित सरकारी मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरे हों।
नर्सरियों में तैयार हो रहे पौधों पर विशेष नजर
अपने निरीक्षण कार्यक्रम के क्रम में डीएफओ ने नौगढ़ और जयमोंहनी रेंज की प्रमुख नर्सरियों का भी सघन अवलोकन किया। उन्होंने वहां उगाए जा रहे पौधों की वृद्धि दर और उनकी सामान्य देखभाल की स्थिति को देखा। मौके पर मौजूद वन कर्मचारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि पौधों की नियमित गुड़ाई, समय पर सिंचाई और स्प्रिंकलर (फव्वारा विधि) से पानी देना सुनिश्चित करें, ताकि पौधों की गुणवत्ता प्रभावित न हो।
बिहार सीमा पर ग्रीन क्रेडिट योजना की समीक्षा
डीएफओ बी. शिवशंकर निरीक्षण करते हुए नौगढ़ रेंज के अंतर्गत आने वाले बिहार सीमा से सटे सुदूर क्षेत्रों में भी जा पहुंचे। वहां उन्होंने भारत सरकार की महात्वाकांक्षी 'ग्रीन क्रेडिट योजना' के तहत चल रहे विभिन्न कार्यों की प्रगति को देखा। धरातल पर चल रहे कार्यों की रफ्तार पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने अधिकारियों को इसे और अधिक बेहतर ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए ताकि स्थानीय स्तर पर इसका लाभ दिखे।
अधिकारियों को कड़ी चेतावनी
वन क्षेत्राधिकारी संजय श्रीवास्तव को निर्देशित करते हुए डीएफओ ने कहा कि पौधारोपण अभियान की औपचारिक शुरुआत से पहले कागजी और जमीनी स्तर की सभी तैयारियां शत-प्रतिशत पूर्ण हो जानी चाहिए। निरीक्षण के समापन पर उन्होंने मातहतों को सचेत करते हुए गंभीर लहजे में कहा, "मैं फिर आऊंगा।" डीएफओ के इस वाक्य ने पूरे महकमे को अलर्ट मोड पर ला दिया है। इस मौके पर वन क्षेत्राधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव, वन दरोगा राजकुमार और गुरदेव सिंह सहित अन्य वनकर्मी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








