'DFO साहब सावधान!' चंदौली में वन विभाग के कर्मचारियों का अल्टीमेटम, 6 फरवरी तक मांगें न मानी तो होगा चक्काजाम।
चंदौली के नौगढ़ में वन विभाग के दैनिक कर्मचारियों ने विनियमितीकरण की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। 10 साल की सेवा पूरी करने के बाद भी समायोजन न होने से नाराज कर्मचारियों ने 6 फरवरी तक का अल्टीमेटम दिया है।
10 साल की सेवा के बाद विनियमितीकरण की मांग
डीएफओ बी शिवशंकर पर तानाशाही का गंभीर आरोप
7 माह से अटकी है 39 कर्मचारियों की फाइल
6 फरवरी के बाद रामनगर कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना
नौगढ़, चकिया और चंद्रप्रभा रेंज के कर्मचारी लामबंद
चंदौली जिले में वन विभाग के दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों का धैर्य अब जवाब दे गया है। तहसील नौगढ़ में वर्षों से जंगलों की सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों ने प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। रविवार को नौगढ़ कस्बा स्थित दुर्गा मंदिर में एकत्र होकर कर्मचारियों ने जोरदार नारेबाजी की और विभाग पर तानाशाही का आरोप लगाया।
7 माह से फाइलों पर जमी है धूल, भविष्य अधर में
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि 10 वर्ष का सेवाकाल पूरा कर चुके 39 दैनिक कर्मचारियों के विनियमितीकरण (पक्का करने) से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज सात माह पहले ही वन विभाग के कार्यालय में जमा किए जा चुके हैं। इसके बावजूद, अब तक विभाग की ओर से न तो कोई निर्णय लिया गया और न ही कोई संतोषजनक लिखित जवाब मिला है। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें केवल खोखले आश्वासन देकर टालमटोल किया जा रहा है।
DFO पर तानाशाही और मनमानी का आरोप
कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने प्रभागीय वनाधिकारी बी शिवशंकर पर सीधे तौर पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। कर्मचारियों का कहना है कि वे वर्षों से अल्प वेतन पर विभाग की सेवा कर रहे हैं, लेकिन जब उनके हक की बात आती है, तो अधिकारी जानबूझकर मामले को लटका देते हैं। जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव ने कहा कि पात्र कर्मचारियों के भविष्य के साथ यह खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
6 फरवरी तक का अल्टीमेटम: बड़े आंदोलन की तैयारी
न्यूनतम वेतन दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि 6 फरवरी उनके सब्र की आखिरी तारीख है। प्रांतीय संयोजक रमाशंकर सिंह यादव और प्रदेश अध्यक्ष भोरीक यादव ने साझा बयान में कहा कि यदि तय समय तक विनियमितीकरण का लिखित आदेश जारी नहीं हुआ, तो नौगढ़, जयमोहनी, मझगाई, चंद्रप्रभा और चकिया रेंज के सैकड़ों कर्मचारी रामनगर स्थित प्रभागीय कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर देंगे।
बैठक में तय किया गया कि इस बार आंदोलन केवल नारों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विभाग के तानाशाही रवैये को खत्म करने के लिए निर्णायक कदम उठाए जाएंगे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






